भारत

बंगलादेश में हिन्दुओं के उत्पीड़न के खिलाफ पेरिस में विशाल प्रदर्शन

नयी दिल्ली 21 जुलाई : बंगलादेश में अल्पसंख्यक हिन्दू समुदाय के शिक्षकों की सिलसिलेवार हत्याओं के विरोध में फ्रांस की राजधानी पेरिस में गत दिनों एक बड़ा प्रदर्शन किया गया जिसमें बड़ी संख्या में बंगलादेशी समुदाय के लोगों ने भी भाग लिया।

विश्व हिन्दू महासंघ की एक विज्ञप्ति के अनुसार पेरिस के ऐतिहासिक रिपब्लिक स्क्वॉयर में एक मानव श्रृंखला भी बनायी गयी। उदीची शिल्पागोस्ती फ्रांस, एफपीएस बंगला (फ्रांस) विश्व हिन्दू महासंघ, एचआरसीबीएम फ्रांस चैप्टर, हिन्दू बौद्ध ईसाई एकता परिषद फ्रांस, विश्व बौद्ध महासंघ, इकत्तर मुक्तिजोद्धा चेतना सरंक्षण परिषद एवं अन्य संगठनों ने इस प्रदर्शन में भाग लिया। प्रदर्शनकारियों ने बंगलादेश की सरकार द्वारा एक भी दोषी के खिलाफ कोई भी कदम नहीं उठाये जाने पर गहरा रोष व्यक्त किया और मांग की कि इन घटनाओं की जांच करायी जाये और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाये। इस्लाम के अपमान के फर्जी मामलों को अल्पसंख्यक समुदायों के उत्पीड़न का आधार नहीं बनने दिया जाये।

बंगलादेश में वर्ष 2022 में बीते छह माह में 79 हिन्दुओं की हत्या की गयी, 77 हिन्दुओं का अपहरण किया गया और 95 हिन्दुओं का बलपूर्वक धर्मान्तरण कराया गया। इस्लाम का अपमान करने के आराेप में हिन्दू शिक्षकों को धमकी देने, उत्पीड़न करने, अपमानित करने के करीब दस मामले दर्ज किये गये और उन्हें गिरफ्तार किया गया। एक शिक्षक की हत्या भी की गयी है।

Related Articles

Back to top button