मध्य प्रदेश

अनियमितता के आरोप में राशन दुकान के संचालक सहित दो के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

सागर, 18 अगस्त : मध्यप्रदेश के सागर जिले की बहेरिया थाना पुलिस ने स्कूली छात्र छात्राओं को मूंग वितरण नहीं करने और अन्य अनियमितताओं के आरोप में शासकीय उचित मूल्य की दुकान संचालक सहित दो लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।

आधिकारिक जानकारी में कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी चारू जैन ने आज बताया कि प्राप्त शिकायतों के आधार पर कलेक्टर श्री आर्य के निर्देश पर जांच की गई, जिसमें मौके पर विक्रेता शिवम वैष्णव और एफपीएस अमरजीत सिंह द्वारा दुकान का संचालन लिधौराहाट में देवी सिंह के घर के ही एक कमरे से होना पाया गया। मौके पर दुकान के नाम का बोर्ड लगा पाया गया। मूल्य सूची खाली पायी गयी।

निगरानी समिति का बोर्ड एवं खाद्यान्न सेंपल का प्रदर्शन नहीं पाया गया। संचालन स्थल पर रखे खाद्यान्न की गणना की गई जिसमें कुल 80 किलोग्राम बाजरा पाया गया। इसके साथ ही 3 बोरियों में कुल 1.35 किलोग्राम चावल रखा पाया गया। इसके अतिरिक्त शक्कर, नमक, गेहूॅ, मूंग, ज्वार, केरोसीन निरंक पाया गया।

मौके पर उपस्थित हितग्राहियों सचिन लोधी, कैलाश लोधी, कल्याण, उदन सिंह लोधी, रामेश्वर चढार लोधी, जनकरानी लोधी, संतोषरानी जिया धानक, भूपेन्द्र अहिरवार, बहादुर सिंह लोधी, भरत सिंह लोधी के कथन लिपिबद्ध किये गये। जिसमें उनके द्वारा बताया गया कि, शासकीय उचित मूल्य दुकान लिधौराहाट के विक्रेता शिवम के द्वारा जब से निःशुल्क राशन योजना प्रारंभ हुई है तब से एक बार निःशुल्क राशन वितरण किया है। उसके अतिरिक्त कभी निःशुल्क राशन वितरण नहीं किया गया है। केवल पैसे वाली योजना का राशन दिया है। माह जुलाई 2022 में भी केवल पैसे वाला राशन दिया है निःशुल्क राशन वितरण नहीं किया गया है।

विक्रेता मशीन में हर माह अंगूठा लगवा लेता है पर पूरा राशन नहीं देता है और ना ही मशीन की पर्ची देते है। शासकीय स्कूलों के छात्र-छात्राओं को वितरण हेतु जो मूंग दुकान पर आई थी उस पर भी केवल हितग्राहियों के अंगूठे लगवा लिये गये और मूंग वितरित नहीं की गयी।

दुकान पर मिले खाद्यान्न के स्टॉक एवं पीओएस मशीन में दर्ज स्टॉक की जॉच की गई। श्रीमती चारू जैन ने बताया कि शासकीय उचित मूल्य लिधौराहाट के संचालक शिवम वैष्णव एवं अमरजीत के खिलाफ बहेरिया पुलिस थाना में भारतीय दंड संहिता की धाराओं एवं आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3 एवं 7 के अंतर्गत मामला दर्ज कराया गया है।

Related Articles

Back to top button