बड़ी ख़बरेंराज्य
तेलंगाना में निर्माणाधीन फ्लाईओवर गिरने से नौ लोग घायल

हैदराबाद, 21 जून : तेलंगाना में बुधवार तड़के निर्माणाधीन फ्लाईओवर के दो खंभों के बीच का स्लैब गिरने से नौ मजदूर घायल हो गए, जिनमें से एक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि घटना आज तड़के लगभग तीन बजे की है जब एलबी नगर सागर रिंग रोड से एलबी नगर चौरास्ता तक बन रहे फ्लाईओवर के दो खंभों के बीच का स्लैब गिर गया, जिसमें नौ मजदूर घायल हो गए। सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। उन्होंने बताया कि घायल मजदूरों में अधिकांश बिहार और उत्तर प्रदेश के हैं।
एलबी नगर के विधायक सुधीर रेड्डी और जीएचएमसी के अधिकारियों ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। दुर्घटना के संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच की जा रही है।