उत्तर प्रदेश

सोनभद्र में महिला सिपाही ने किया आत्मदाह का प्रयास

सोनभद्र 04 मार्च : उत्तर प्रदेश में सोनभद्र जिले के रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र में एक महिला सिपाही ने आत्मदाह का प्रयास किया है जिसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि महिला सिपाही दीपा यादव की तैनाती रॉबर्ट्सगंज पुलिस लाइन में है। वह पुलिस लाइन चुर्क क्षेत्र में ही कमरा लेकर अपनी मां के साथ रहती थी। बताया जाता है कि उसका पति अखिलेश यादव भी कॉन्स्टेबल है और उसकी तैनाती उन्नाव जिले में है। महिला सिपाही का अपने पति से कई वर्षों से विवाद चल रहा है. महिला ने उस पर मुकदमा भी दायर किया था। बीती रात भी उसका अपने पति से फोन पर विवाद हुआ। इसके बाद महिला सिपाही ने खुद को आग लगाकर जान देने की कोशिश की।
इस घटना क्रम में वह बुरी तरह झुलस गई। उसकी मां ने उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उसकी हालत को गंभीर देखते हुए वाराणसी रेफर कर दिया गया।

महिला सिपाही की मां ने बताया कि उसके दामाद के पास महिला सिपाही का कोई वीडियो है, जिसे वह वायरल करने की धमकी भी देता था. इसी से त्रस्त होकर महिला ने यह कदम उठाया. महिला सिपाही बुरी तरह झुलस चुकी थी और वह बोलने की स्थिति में नहीं थी।
एडिशनल एसपी कालू सिंह ने कहा कि महिला सिपाही का अपने पति अखिलेश यादव से विवाद चल रहा था. महिला सिपाही ने उस पर तलाक का मुकदमा भी दायर किया था। बाद में सुलह भी कर ली थी लेकिन उनके बीच विवाद खत्म नहीं हो पा रहा था। घटना के बाद महिला सिपाही लगभग 40 से 50 प्रतिशत तक झुलस गई है ऐसी स्थिति में उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। महिला को वाराणसी रेफर किया गया है। पुलिस इस मामले में जांच-पड़ताल कर रही है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस द्वारा उचित कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button