मध्य प्रदेश

राहुल की लोकसभा सदस्यता रद्द किया जाना दुर्भावनापूर्ण: अजय

भोपाल, 24 मार्च : कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं मध्यप्रदेश विधानसभा में पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता रद्द किए जाने को दुर्भावनापूर्ण और लोकतंत्र पर कुठाराघात बताया है।

श्री सिंह ने आज यहां जारी बयान में कहा कि भाजपा श्री गांधी के सच बोलने से डरती है और जिन लोगों ने देश को लूटा है उनका बचाव कर रही है। भाजपा को जिससे भी डर लगता है वो उसे रास्ते से हटाने की कोशिश में लग जाती है। श्री गांधी के सवालों से डरी हुई भाजपा आज उन्हें लोकसभा से दूर करने में लगी हुई है। कांग्रेस भारत जोड़ने में लगी है और भाजपा भारत तोड़ने में। आज का दिन लोकतंत्र के लिए पीड़ा का दिन है।

पूर्व नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि जब जब कांग्रेस पार्टी को दबाने की कोशिश हुई है तब तब कांग्रेस पहले से ज्यादा ताकतवर बनकर वापस लौटी है। इससे पहले भी जनता पार्टी शासन के दौरान स्व. श्रीमती इंदिरा गांधी की भी लोकसभा की सदस्यता छीनी गई थी। उसके बाद 1980 में जनता ने फिर से कांग्रेस पार्टी को जनादेश देकर सता सौंपी थी।

श्री सिंह ने कहा कि एक एक कांग्रेस जन श्री गांधी के साथ खड़ा है। कांग्रेस भाजपा की हर साजिश का जोरदार तरीके से मुकाबला करेगी और लोकतंत्र और संविधान के खिलाफ होने वाले षड्यंत्र को कामयाब नहीं होने देंगे।

Related Articles

Back to top button