featureराज्य

एकनाथ शिंदे ने भीषण बस दुर्घटना पर जताया गहरा दुख

मुंबई, 01 जुलाई : महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने शनिवार को राज्य के विदर्भ क्षेत्र के बुलढाणा जिले में सिंदखेड राजा के पास समृद्धि राजमार्ग पर भीषण बस दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया, जिसमें 25 यात्रियों की जलकर मौत हो गई।

श्री शिंदे ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने दुर्घटना में मृतकों के परिजनों को मुख्यमंत्री राहत कोष से पांच-पांच लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा की।

हादसे की जानकारी मिलते ही, श्री शिंदे ने बुलढाणा के कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक से फोन पर संपर्क किया और घटना की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने दुर्घटना पीड़ितों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने और घायलों को सरकारी खर्च पर तत्काल चिकित्सा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

हादसे की जानकारी मिलने पर, राजमार्ग के लिए तैनात आपातकालीन चिकित्सा सेवा दल और फायर ब्रिगेड तुरंत मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया। घायल यात्रियों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस घटना से आहत श्री शिंदे ने जांच के आदेश दिए।

Related Articles

Back to top button