अन्य राज्य

हल्की बूंदाबांदी के बाद दिन में खिली धूप ने दी राहत

जींद,12 जनवरी : हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ की आंशिक सक्रियता के साथ-साथ हल्की बूंदाबांदी हुई और वीरवार को दिनभर धूप खिली रही तथा मौसम पूरी तरह साफ बना रहा।

इसकी वजह से अधिकतम तथा न्यूनतम तापमान में इजाफा दर्ज किया गया। हवा की गति तेज होने के कारण ठंड का अहसास लगातार होता रहा। मौसम साफ रहने तथा धूप के खिलने से लोगों को ठंड से कुछ हद तक राहत दी। वीरवार को अधिकतम तापमान 20 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम में आर्द्रता 65 प्रतिशत दर्ज की गई जबकि हवा की गति 14 किलोमीटर प्रतिघंटा रही। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ की आंशिक सक्रियता के चलते अगले 24 घंटों के दौरान आकाश में बदलवाई रहेगी और तापमान में कुछ गिरावट आएगी।

पिछले 10 दिनों से कडाके की ठंड पड़ रही है। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते बुधवार शाम को मौसम ने करवट ली। देर रात तथ मध्य रात्रि के बाद हलकी बूंदाबांदी हुई। वीरवार को दिन का आगाज आकाश में छाए आंशिक बादलों के साथ हुआ। दिन चढ़ने के साथ बादल छट गए और धूप खिल गई। हवा की गति तेज होने के कारण ठंड का अहसास दिनभर होता रहा। बावजूद इसके खिली धूप ने लोगों को ठंड से कुछ हद तक राहत दी। लोगों को गुनगनी धुंध का आनंद लेते देखा गया।

मौसम विभाग के अनुसार फिर से ठंड के रफ्तार पकड़ने का अनुमान है। अगले दो दिनों तक आकाश में बादलवाई देखने को मिलेगी तो साथ ही तापमान में भी गिरावट आएगी। कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को सलाह दी है कि वे ठंड को देखते हुए फसलों की सिंचाई करें। बीमारी के लक्ष्ण दिखाई देने पर उपचार करें।

पांडू पिंडारा कृषि विज्ञान केंद्र के मौसम वैज्ञानिक डॉ राजेश ने बताया कि पश्चिम विक्षोभ के आंशिक असर के चलते बादलवाई आकाश में दिखाई देगी। हल्की बूंदाबांदी की भी संभावना है। जिसके बाद फिर से तापमान में गिरावट आएगी। किसान शाम को फसलों की सिंचाई करें। बीमारी दिखाई देने पर कृषि विशेषज्ञों की सलाह लें।

Related Articles

Back to top button