बिहार

गंगाजल आपूर्ति योजना से ज्ञान और मोक्ष की नगरी में पेयजल की समस्या होगी दूर : नीतीश

गया 28 नवंबर : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज कहा कि गंगाजल आपूर्ति योजना से ज्ञान और मोक्ष की नगरी (गया-बोधगया) में पेयजल की समस्या समाप्त हो जाएगी।

श्री कुमार ने सोमवार को गंगा जल आपूर्ति योजना का शुभारंभ जिले के मानपुर प्रखंड स्थित अबगिला मुहल्ले से किया। इस दौरान उन्होंने वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण किया। मौके पर मौजूद संबंधित विभाग के अधिकारियों ने इस योजना से संबंधित तमाम जानकारी मुख्यमंत्री को उपलब्ध कराई।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का दिन ऐतिहासिक है। राजगीर के बाद आज से गया और बोधगया के लोगों को गंगा का जल पीने के लिए मिलने लगा हैं। ज्ञान और मोक्ष की भूमि पर पेयजल की समस्या दूर होगी, इससे बड़ी बात और क्या हो सकती है। उन्होंने कहा कि गया में पेयजल की समस्या के बारे में हमें जानकारी मिली थी। दूर-दराज से लोग पिंडदान करने यहां आते हैं, उनके समक्ष भी पानी की समस्या होती थी. इस चीज को ध्यान में रखकर यह योजना बनाई गई।

श्री कुमार ने कहा कि पटना से 151 किलोमीटर पाइप लाइन बिछाकर राजगीर होते हुए गया और बोधगया तक गंगा का जल घर-घर तक पहुंचाया जा रहा है। आज से लोगों को गंगा का जल मिलेगा। जो क्षेत्र बच गए हैं, उस क्षेत्र में भी गंगाजल पहुंचेगा। इस योजना से लोग भी काफी खुश हैं। उन्होंने कहा कि राजगीर के बाद गया और बोधगया में भी इस योजना का शुभारंभ कर दिया गया है। लोगों के घर तक गंगा का जल पहुंच गया है।

Related Articles

Back to top button