बिहार

उपराष्ट्रपति पद का उम्मीदवार नहीं बनाया जाना नीतीश के राजग से अलग होने का कारण बना : सुशील

पटना 10 अगस्त : बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राज्यसभा सांसद सुशील कुमार मोदी ने आज कहा कि श्री नीतीश कुमार के राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) से नाता तोड़ने का मूल कारण उन्हें (श्री कुमार) उप राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार नहीं बनाया जाना है।

श्री मोदी ने बुधवार को यहां पार्टी के प्रदेश कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में खुलासा किया कि श्री कुमार ने बिहार राजग से नाता तोड़ने का जो निर्णय लिया है उसके पीछे मूल कारण था कि वह खुद को देश का उप राष्ट्रपति बनाना चाहते थे लेकिन भाजपा इसके लिए तैयार नहीं थी। श्री कुमार के निकटस्थ जनता दल यूनाइटेड (जदयू) नेताओं ने हाल ही भाजपा के शीर्ष नेतृत्व से श्री कुमार को उप राष्ट्रपति बनाने की बात कही थी। हालांकि भाजपा ने इस पर विचार नहीं किया।

भाजपा सांसद ने कहा कि श्री कुमार के राजग से नाता तोड़कर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के साथ जाने का यह एक प्रमुख कारण रहा। श्री कुमार ने राजग से नाता तोड़ने के दौरान कई सफेद झूठ बोले हैं। उन्होंने कहा कि श्री कुमार का कहना है कि बिना उनकी सहमति के श्री आरसीपी सिंह को नरेंद्र मोदी मंत्रिमंडल में मंत्री बनाया गया, जो सरासर झूठ है।

Related Articles

Back to top button