राज्य

दुष्कर्म की शिकार बच्ची का इंदौर में हो रहा उपचार : गृह मंत्री

भोपाल, 01 नवंबर: मध्यप्रदेश के खंडवा जिले में दुष्कर्म का शिकार बनी चार साल की बच्ची से जुड़े मामले पर गृह मंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा ने आज कहा कि उसकी हालत को देखते हुए उसे इंदौर रेफर किया गया है, जहां उसका उपचार हो रहा है।

डॉ मिश्रा ने संवाददाताओं से चर्चा के दौरान बताया कि राजकुमार नाम के आरोपी द्वारा बच्ची के साथ दुष्कृत्य की जानकारी सामने आई है। बच्ची के गले पर भी चोट आई हैं। उसका गला दबाने की कोशिश की गई थी। बच्ची करीब एक किलोमीटर दूर झाड़ियों में मिली।

उन्होंने बताया कि उसे गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया था, जहां से उसे इंदौर रेफर किया गया है। अब उसकी हालत स्थिर है।

ऐसे सब मामलों में समाज की भी जागरुकता की कोशिश पर बल देते हुए गृह मंत्री ने कहा कि दुष्कर्म के मामलों में पुलिस तत्परता से कार्य करती है लेकिन इसमें सामाजिक जागरण की भी आवश्यकता है। प्रायः देखा जा रहा है कि दुष्कर्म के मामलों में परिचितों और रिश्तेदारों की संलिप्तता पाई जा रही हैं।

खंडवा जिले के जसवाड़ी गांव में चार साल की एक बच्ची के साथ दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने आरोपी राजकुमार को गिरफ्तार किया है। मामले में एक अन्य आरोपी की पुलिस तलाश कर रही है।

बताया जा रहा है कि पंधाना निवासी ये बच्ची अपने रिश्तेदार के घर दीपावली मनाने जसवाड़ी गांव गई थी। इसी दौरान रविवार और सोमवार की दरमियानी रात बच्ची खेत में बनी झोंपड़ी में से गायब हो गई। तलाश करने पर वह गंभीर हालत में झोंपड़ी से करीब एक किलोमीटर दूर झाड़ियों में मिली। उसे पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे इंदौर रेफर कर दिया गया।

Related Articles

Back to top button