भारत

बिरला ने की मोज़ाम्बिक की, संसद की सभापति से भेंट

नयी दिल्ली 27 जुलाई : लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला ने आज संसद भवन परिसर में मोजाम्बिक गणराज्य की संसद की सभापति एस्पेरंका लॉरिन्डा फ्रांसिस्को नाहीवने बायस के साथ बैठक की।

भारतीय संसद के निमंत्रण पर मोजाम्बिक गणराज्य की संसद का एक शिष्टमंडल भारत के तीन दिवसीय दौरे पर आया है।

श्री बिरला ने इस अवसर पर संसद भवन स्थित अपने कार्यालय में शिष्टमंडल का स्वागत किया और भारत के नए राष्ट्रपति के निर्वाचन एवं शपथ ग्रहण के तुरंत बाद सुश्री बायस के संसद आगमन पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने आगे कहा कि सुश्री बायस राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मिलने वाले पहले अंतरराष्ट्रीय विशिष्टजनों में से एक होंगी।

दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों की चर्चा करते हुए श्री बिरला ने कहा कि मोजाम्बिक के संसदीय शिष्टमंडल की भारत यात्रा से दोनों देशों के बीच संसदीय सहयोग के नए युग का आरंभ हुआ है। उन्होंने भविष्य में दोनों संसदों के बीच और अधिक घनिष्ठ संबंध विकसित करने की आशा व्यक्त की। उन्होंने इस अवसर पर वर्ष 2023-24 के कार्यकाल के लिए संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की अस्थायी सीट हेतु चुनावों में मोजाम्बिक की सफलता पर अपनी ओर से हार्दिक बधाई दी।

श्री बिरला ने कहा कि भारत और मोजाम्बिक के बीच ऐतिहासिक रूप से घनिष्ठ एवं मैत्रीपूर्ण द्विपक्षीय संबंधों के सन्दर्भ में दोनों देशों के बीच नियमित रूप से उच्च स्तरीय दौरे होते रहे हैं। उन्होंने कहा कि मोज़ाम्बिक भारत के लिए एक रणनीतिक साझेदार और घनिष्ठ व्यापारिक सहयोगी है। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की कि पिछले वर्षों में दोनों देशों के बीच व्यापार में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है तथा भारतीय कंपनियों ने मोजाम्बिक के द्रवीकृत प्राकृतिक गैस और खनन क्षेत्रों में भारी निवेश किया है। मार्च 2019 में मोजाम्बिक में आए चक्रवात इडाई के बाद भारत की तत्पर सहायता दोनों देशों के मैत्रीपूर्ण सम्बन्धों का महत्वपूर्ण उदहारण है।

श्री बिरला ने कोविड-19 महामारी से बचाव के लिए भारत द्वारा मोजाम्बिक को वैक्सीन के साथ-साथ मास्क, सैनिटाइजर, पीपीई किट आदि सामग्रियों के रूप में भी सहायता का उल्लेख किया। उन्होंने मोज़ाम्बिक में भारतीय प्रवासियों की मोजाम्बिक के सर्वांगीण विकास में सकारात्मक भूमिका की सराहना की।

सुश्री बायस ने श्रीमती द्रौपदी मुर्मू के भारत के राष्ट्रपति के रूप में चुने जाने का जिक्र करते हुए कहा कि भारत महिला सशक्तिकरण में दुनिया का नेतृत्व कर रहा है। मोजाम्बिक में आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत के समर्थन की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि भारत का निरंतर समर्थन शांति बनाए रखने में मोजाम्बिक की मदद कर रहा है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि दोनों देशों के नेताओं के नियमित दौरों से देशों और संसदों के बीच द्विपक्षीय संबंध और मजबूत होंगे।

श्री बिरला और सुश्री बायस ने दोनों देशों की संसद के बीच सहयोग के एक ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए जिसका उद्देश्य समानता, लाभों की पारस्परिकता और पारस्परिक सम्मान के सिद्धांतों के आधार पर भारत और मोजाम्बिक की संसदों के बीच संबंधों को विकसित करना तथा संसदीय हित के मामलों पर एक दूसरे से परामर्श करना हैं।

Related Articles

Back to top button