भारत

महिलाओं के अनुकूल परिवेश बना रही है सरकार: पवार

नयी दिल्ली 06 दिसंबर : केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री डॉ. भारती प्रवीण पवार ने नारी सशक्तिकरण के लिए सरकार की प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए कहा है कि महिलाओं के अनुकूल परिवेश निर्मित करने के लिए नीतिगत बदलाव किये जा रहे हैं।

डाॅ. पवार ने यहां केंद्रीय राज्य मंत्री विज्ञान और प्रौद्योगिकी डॉ. जितेंद्र सिंह के साथ ‘भारत में स्वास्थ्य और विज्ञान में बदलाव का नेतृत्व करने वाली महिलाएं’ सम्मेलन की अध्यक्षता करते हुए कहा कि महिला कार्यबल को पुरुष कार्यबल के बराबर लाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि समग्र विकास के लिए अधिक महिला केंद्रित पहल समय की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि महिलाओं ने प्राचीन काल से ही महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। देश में विभिन्न चरणों के माध्यम से लैंगिक समानता के प्रयास किये गये हैं जिसका लाभ भविष्य में समाज को मिलेगा और महिला सशक्तिकरण भारत की एक न्यायसंगत, समावेशी और विविध विकास का नेतृत्व करेगा। मेलिंडा एंड बिल गेट्स की सह अध्यक्ष मेलिंडा फ्रेंच गेट्स इस कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथि थीं।

डॉ. पवार ने कहा कि विशेष रूप से स्वास्थ्य क्षेत्र में भारत में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका का अंदाजा इस तथ्य से लगाया जा सकता है कि दस लाख आशा कार्यकर्ता ने कोविड प्रबंधन में अग्रणी भूमिका निभायी और 75वीं विश्व स्वास्थ्य सभा में ‘ग्लोबल हेल्थ लीडर्स अवार्ड-2022’ प्राप्त किया।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सरकार महिलाओं को हर क्षेत्र में सक्षम बनाने के लिए समर्पित है। लगातार प्रयास करते हुए, सरकार ने अपने संस्थानों, छात्रवृत्ति, वित्तीय सहायता आदि के माध्यम से नए कार्यक्रम शुरू किए हैं और नीतिगत बदलावों को जारी रखा है। इससे एक परिवेश बनाने में मदद मिली है,जहां महिलाएं अपनी पूरी क्षमता का विकास और उपयोग कर सकती हैं।

डॉ. पवार ने महिला कार्यबल को पुरुष कार्यबल के बराबर लाने पर जोर दिया और कहा कि समग्र विकास के लिए अधिक महिला केंद्रित पहल समय की आवश्यकता है।

Related Articles

Back to top button