गुजरात

मुंबई में गणपति विसर्जन के लिए उमड़ी भक्तों की भीड़

मुंबई, 09 सितंबर : महाराष्ट्र के मुंबई में शुक्रवार को दस दिवसीय गणेश उत्सव के बाद अनंत चतुर्दशी के मौके पर भगवान गणेश की मूर्तियों को विसर्जन के लिए सड़कों की भक्तों की भीड उमड़ी। “गणपति बाप्पा मोरया, पुढच्या वर्षी लवकर या” के नारों की गूंज के बीच महानगर में मूर्तियों के विसर्जन के लिए जन सैलाब उमड़ा पड़ा।

अधिकारियों ने कहा राज्य में 10 दिवसीय गणेशोत्सव के आज सम्पन्न होने के साथ ही शहर में विभिन्न जगह स्थापित की गईं भगवान गणेश की मूर्तियों का विसर्जन किया गया। उन्होंने कहा इसके लिए मुंबई तथा राज्य के विभिन्न हिस्सों में विशेष व्यवस्था की है।

मुंबई में गणेश विसर्जन के लिए यातायात पुलिस ने एडवाइजरी भी जारी की है। यातायात पुलिस के मुताबिक मुंबई में यातायात प्रतिबंध रहेगा। कुल मिलाकर 74 सड़कें वाहनों की आवाजाही के लिए बंद की गई हैं। इसके अलावा 54 सड़कों पर वाहनों को केवल एक तरफ जाने की अनुमति दी गई है। वहीं 57 सड़कों पर भारी वाहनों को प्रतिबंधित किया गया है। पूरे शहर में 114 स्थानों पर पार्किंग प्रतिबंध लगाए गए हैं। मुंबई पुलिस ने यातायात एडवाइजरी के साथ विसर्जन मार्ग भी जारी कर दिया है। गणपति भक्तों, साथ ही शहर के यात्रियों को इसका पालन करने की सलाह दी गई है।

यातायात पुलिस ने गणपति मंडलों और भक्तों को जो मूर्ति विसर्जन जुलूस में भाग ले रहे है। उन्हें सूचीबद्ध पुल से निकलने को कहा गया है। यातायात पुलिस ने खराब और असुरक्षित पुलों से भक्तों को बप्पा की मूर्ति नहीं ले जाने की चेतावनी जारी की है।
यातायात पुलिस के एक बयान के अनुसार, “सभी गणेश भक्तों और मंडलों को सूचित किया जाता है कि रेलवे के कुछ पुल पुराने है और खतरनाक हैं। इसलिए सभी भक्तों को देखकर वहां से ध्यान से निकलना चाहिए।”

इस बीच लालबाग के अध्यक्ष किरण तावड़े ने कहा कि गणेश गल्ली के 95 वर्षीय मुंबईचा राजा को पंडाल से लगभग सुबह साढ़े आठ बजे विसर्जन के लिए निकालने वाले है और शाम पांच बजे तक वह गिरगांव चौपाटी पहुंचने वाली है। लालबागचा राजा को कल सुबह लगभग छह बजे विसर्जित किया जाएगा।

इस बीच, मौसम विभाग ने पांच दिनों के पूर्वानुमान में कहा कि आज धूल भरी आंधी और मेघ गर्जना के साथ भारी बारिश हो सकती है। विभाग ने कहा 10 से 12 सितंबर तक राज्य के अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश होने के आसार हैं।
गौरतलब है कि दो साल कोरोना प्रकोप के बाद इस साल बड़ी धूमधाम के साथ गणेश उत्सव मनाया गया है।

Related Articles

Back to top button