जम्मू-कश्मीर

कश्मीर में आज अपराह्न बाद विमान सेवा शुरू

श्रीनगर, 11 फरवरी : केन्द्रशासित प्रदेश जम्मू कश्मीर में कश्मीर के विभिन्न हिस्सों में शनिवार को ताजा हिमपात होने से और दृश्यता में कमी आने से उडान सेवा प्रभावित हुई है, हालांकि बाद में इसमें सुधार होने के बाद उड़ान सेवा फिर से शुरू कर दी गयी।
मौसम विभाग ने श्रीनगर में अगले 24 घंटों के दौरान कश्मीर और जम्मू के पहाड़ी इलाकों में व्यापक हल्की से मध्यम बर्फबारी और बारिश होने तथा ऊंची चोटियों में भारी हिमपात हाेने का अनुमान जताया है।

श्रीनगर हवाईअड्डे पर तैनात अधिकारियों ने कहा कि लगातार हिमपात होने के कारण दृश्यता 500 मीटर से कम हो गई है, इसलिए आज सुबह से विमानों का परिचालन बंद हो गया है।” उन्होंने कहा कि हम मौसम में सुधार का इंतजार कर रहे हैं और उसके बाद ही विमानों के परिचालन की अनुमति दी जाएगी।

अधिकारियों ने कहा कि देश के बाकी हिस्सों को कश्मीर घाटी से जोड़ने वाली ऑल वेदर रोड श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग भी खराब मौसम के कारण लगातार बंद है। उन्होंने कहा कि पिछले दो दिनों से लगातार बारिश होने के कारण रामबन जिले में रामसू के पास भारी बोल्डर या फिर पत्थर गिरने से राष्ट्रीय राजमार्ग बंद है।

मौसम विभाग ने कहा हालांकि केन्द्रशासित प्रदेश में मौसम शुष्क बना हुआ है और न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गयी है। विभाग ने कहा कि श्रीनगर में रात का तापमान पिछली रात के 0.7 डिग्री के मुकाबले 0.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अनंतनाग के पर्यटन स्थल पहलगाम और उत्तरी कश्मीर के बारामूला के पर्यटन स्थल गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान क्रमशः शून्य से नीचे 2.4 डिग्री और शून्य से नीचे 8.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है।

उत्तर कश्मीर के सीमावर्ती जिले कुपवाड़ा में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 1.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जम्मू शहर में न्यूनतम तापमान 9.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि इससे पिछली रात 12.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था।
केन्द्रशासित प्रदेश लद्दाख के लेह और कारगिल में न्यूनतम तापमान क्रमश: शून्य से नीचे 10.4 डिग्री और शून्य से नीचे 6.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

इस बीच अधिकारियों ने कहा कि दृश्यता में सुधार होने के बाद कश्मीर में हवाई यातायात को फिर से बहाल कर दिया गया। श्रीनगर में हल्की बर्फबारी के कारण आज सुबह श्रीनगर हवाई अड्डे पर उडान सेवा प्रभावित हुई थी।
श्रीनगर हवाई अड्डे पर भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) के निदेशक कुलदीप सिंह ने कहा मौसम में सुधार होने के बाद 1000 मीटर दृश्यता होने पर विमान परिचालन शुरू कर दिया है। इससे पहले दृश्यता 500 मीटर होने के कारण परिचालन प्रभावित हुआ था।

Related Articles

Back to top button