राज्य

भाजपा जब तक सत्ता में है , देश के लिए हानिकारक-ठाकरे

पचोरा, 23 अप्रैल : महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और शिवसेना (ठाकरे) के प्रमुख उद्धव ठाकरे ने रविवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उनके सामने चुनौती नहीं है बल्कि जब तक भाजपा सत्ता में है देश के साथ-साथ राज्य के लिए भी हानिकारक है जो सबसे बड़ी चुनौती है।

श्री ठाकरे ने आज शाम यहां वज्रमुठ रैली को संबोधित करते हुए कहा कि हम उन 40 विधायकों के बारे में परवाह नहीं कर रहे हैं, जिन्होंने उनकी पीठ में छुरा घोंपा और भाजपा के साथ हाथ मिला लिया। उन्होंने लोगों से अगले चुनाव में इन विधायकों को सबक सिखाने के लिए कहा।

उन्होंने भाजपा को खुली चुनौती दी कि अगर उनमें दम है तो राज्य में चुनाव लड़ो और हमारे वज्रमुठ का सामना करो।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा बड़ी संख्या में गैर-भाजपा नेताओं को पार्टी में शामिल होने की धमकी दे रही है, अन्यथा ईडी, केन्द्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) और आयकर (आईटी) जांच का सामना करें।

उन्होंने कहा कि उम्मीद है कि राज्य के सत्ता संघर्ष में उच्चतम न्यायालय का फैसला जल्द ही सामने आएगा और हमें न्यायपालिका पर भरोसा है।

मंच पर शिवसेना प्रवक्ता संजय राउत, नेता प्रतिपक्ष अम्बादास दानवे, सांसद अरविंद सावंत, वैशाली पाटिल समेत शिवसेना के कई पदाधिकारी मौजूद थे।

Related Articles

Back to top button