featureओडिशाबड़ी ख़बरेंभारत

पहले दौर की मतगणना में द्राैपदी मुर्मू को 540 जबकि यशवंत सिन्हा को 208 मत मिले

नयी दिल्ली 21 जुलाई : राष्ट्रपति चुनाव में हो रही मतगणना के पहले दौर के बाद राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू आगे चल रही हैं और उन्हें कुल वैध 748 मतों में से 540 मत मिले हैं जबकि विपक्ष के साझा उम्मीदवार यशवंत सिन्हा को 208 मत मिले हैं।

संसद भवन में गुरुवार सुबह शुरू हुई मतगणना के पहले दौर में सभी सांसदों के मतों की गिनती की गयी । चुनाव के लिए नियुक्त निर्वाचन अधिकारी और राज्यसभा के महासचिव पी सी मोदी ने बताया कि वैध 748 मतों में से श्रीमती मुर्मू को 540 मत मिले जबकि श्री सिन्हा को 208 मत मिले हैं।

उन्होंने कहा कि मत मूल्य के हिसाब से कुल 523600 में से श्रीमती मुर्मू को 378000 जबकि श्री सिन्हा को 145600 मत मूल्य हासिल हुए।

दूसरे दौर में राज्य विधानसभाओं में विधायकों द्वारा डाले गये मतों की गिनती की जा रही है।

राष्ट्रपति चुनाव में 99 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने वोट डाले थे।

निर्वाचन आयोग के अनुसार इस बार राष्ट्रपति चुनाव में कुल 4796 मतदाता थे, जिनमें से 99 प्रतिशत ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। ग्यारह राज्यों और केन्द्र शासित पुड्डुचेरी में शत-प्रतिशत मतदान हुआ। राष्ट्रपति चुनाव के लिए दिल्ली और पुड्डुचेरी समेत 30 जगहों पर मतदान कराया गया। इस चुनाव में राज्य सभा और लोकसभा के सदस्यों के अलावा राज्यों और विधानसभा वाले केन्द्रशासित प्रदेशों की विधानसभाओं के निर्वाचित प्रतिनिधियों को मताधिकार प्राप्त था।

Related Articles

Back to top button