उत्तर प्रदेश

चिकित्सा सेवा का लक्ष्य मानव जीवन को सुगमता देना: आनंदीबेन

लखनऊ 02 अप्रैल : उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने आज प्रदेश की राजधानी लखनऊ में सुपर स्पेशलिटी अस्पताल, वेलसन मेडिसिटी का उद्घाटन करते हुए कहा कि चिकित्सा सेवा का लक्ष्य मानव जीवन को सुगमता प्रदान करना है। चिकित्सा सेवा की अन्य मानव सेवाओं से कोई तुलना नहीं।

उन्होंने चिकित्सा संस्थान को बधाई देते हुए अपेक्षा की कि चिकित्सक रोगियों के उपचार में कोई कमी नहीं लायेगें और अस्पताल में आने वाले प्रत्येक रोगी को उत्कृष्ट चिकित्सीय सेवाएं प्रदान करेंगे। उन्होंने कहा कि रोगी के लिए डाक्टर उसका भगवान होता है, साथ ही विश्वास व्यक्त किया कि अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सीय सुविधाएं यहाँ आने वाले मरीजों के लिए बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में मील का पत्थर साबित होंगी।

राज्यपाल ने यहां उपलब्ध चिकित्सीय सुविधाओं की चर्चा करते हुए कहा कि लखनऊ शिक्षा का हब बनने के साथ-साथ अब ‘चिकित्सा हब’ बनने की दिशा में बहुत तेजी से आगे बढ़ रहा है। यहाँ अनेक चिकित्सा संस्थाएं हैं जो अपनी विशिष्ट पहचान रखती हैं, जहाँ प्रदेश के ही नहीं, बल्कि अन्य प्रदेशों और यहां तक नेपाल, बांग्लादेश और श्रीलंका जैसे पड़ोसी देशों से भी अनेक लोग उपचार के लिये आते हैं। यहां के राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्पर पर प्रसिद्ध केजीएमयू, एसजीपीजीआई, आरएमएल आयुर्विज्ञान संस्थान जैसे चिकित्सा एवं चिकित्सा शिक्षा केन्द्रों की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि लखनऊ में अनेक गम्भीर रोगों का इलाज भी होता है, जिससे यहां के लोगों को अन्यत्र नहीं जाना पड़ता है। राज्यपाल ने भारत में स्वस्थ चिकित्सा परम्परा की चर्चा भी की और कहा कि हमारे चिकित्सकों में पेशे और स्वास्थ्य सेवा के ढांचे को श्रेष्ठ बनाने की क्षमता और समर्पण है। कम लागत और सस्ती चिकित्सा पद्धति की वजह से हमारे देश को चिकित्सा उपचार के एक प्रमुख केन्द्र के रूप में जाना जाता है। चिकित्सा पर्यटन को बढ़ावा मिलने से कई देशों से चिकित्सा लाभ के लिये रोगी यहां आ रहे हैं। इसको बनाये रखने के लिये युवा चिकित्सकों पर बड़ी जिम्मेदारी है।

इसी क्रम में उन्होंने देश और प्रदेश की आबादी को स्वस्थ रखने की दिशा में केन्द्र और प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की भी चर्चा की।राज्यपाल जी ने अपने सम्बोधन में अंगदान के महत्व पर जोर दिया और कहा कि आधुनिक चिकित्सा विज्ञान के इस युग में अंगदान किसी को जीवनदान देने का एक बहुत ही महत्वपूर्ण साधन बन गया है। उन्होंने कहा कि अंगदान के पीछे सबसे बड़ी भावना यह होती है कि जाते समय भी किसी की जान बचाई जाए। उन्होंने सुझाव दिया ‘अस्पताल अंगदान और रक्तदान के लिए मुहिम चलाये‘ और ज्यादा से ज्यादा लोगों को इसके लिये प्रेरित करे।

राज्यपाल ने स्वस्थ जीवन हेतु मोटे अनाज के सेवन पर भी जोर देते हुए कहा कि इनका सेवन मानव के बेहतर स्वास्थ्य को बनाये रखने में सहायक होते हैं और अनेक बीमारियों से उन्हें बचाते भी हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि अस्पताल आने वाले मरीजों को हफ्ते में कम से कम दो बार मिलेट्स का आहार लेने के लिये प्रेरित किया जाय। इसके साथ ही अस्पताल की कैंटीन में भी मोटे अनाज से बनें व्यंजनों को परोसा जाए।

श्रीमती पटेल ने आशा व्यक्त की कि अस्पताल में आने वाले हर वर्ग के मरीजों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिले और धन के अभाव में किसी को इलाज से वंचित ना होना पड़े।

इस अवसर पर किंग जार्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ़ बिपिन पुरी, डॉ़ राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान के निदेशक प्रो़ सोनिया नित्यानंद, स्टेट बैंक ऑफ इण्डिया के महाप्रबन्धक श्री शरद चंदक, वेलसन मेडिसिटी के प्रमुख श्री विजय कुमार, वेलसन मेडिसिटी के चेयरमैन डॉ़ शैलेश त्रिपाठी, चिकित्सक, अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button