जम्मू में चार हजार से ज्यादा विकास परियोजनाओं को पूरा किया जाएगा-सिन्हा
![](https://i0.wp.com/hindi.mobilenews24x7.com/wp-content/uploads/2022/09/greaterkashmir_2022-08_b889c8ae-e4c1-4707-a9ec-5c7a81258493_FZKX4iUacAAlZZ4.webp?resize=780%2C470&ssl=1)
जम्मू 01 सितम्बर : जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने गुरुवार को कहा कि इस साल जम्मू जिले में 1443 करोड़ रुपये के कैपेक्स बजट के तहत से चार हजार एक सौ पन्द्रह विकास परियोजनाओं को पूरा किया जाएगा।
श्री सिन्हा ने यह बात शाम को तवी बैराज के शेष कार्य के उद्धाटन करने के बाद कही। उन्होंने कहा कि इस वित्तीय वर्ष में जम्मू जिले के विकास के लिए लगभग 1443 करोड़ रुपये के कैपेक्स बजट से 4115 विकास परियोजनाओं को पूरा करने का हमारा लक्ष्य है।
उन्होंने जम्मू जिले में पिछले वित्तीय वर्ष में पूरी हुई 3506 विकास परियोजनाओं पर भी संतोष व्यक्त किया।
श्री सिन्हा ने कहा कि केन्द्र शासित प्रदेश ने परियोजना कार्यान्वयन में नई प्रगति हासिल की है। 2018-19 में केवल 9229 परियोजनाएं पूरी हुईं थी जबकि 2021-22 में पचास हजार से अधिक परियोजनाएं पूरी हुई हैं जिसमें पांच गुना वृद्धि दर्ज की गई है।
उन्होंने कहा कि तवी बैराज का फिर से शुरू होना जम्मू शहर के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना से प्राकृतिक सौंदर्य और पर्यटन क्षमता में वृद्धि होगी।