जम्मू-कश्मीर

जम्मू-कश्मीर: हिमस्खलन की चपेट में आया गुरेज, दाे महिलाओं को बचाया गया

श्रीनगर, 10 फरवरी : केन्द्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर के बांदीपोरा जिले के मंजगुंड इलाके में शुक्रवार को हिमस्खलन की चपेट में आने वाली दो महिलाओं को सुरक्षित बचा लिया गया।

पुलिस ने बताया कि दोनों महिलाएं तबस्सुम बानो और शहनाजा बेगम आज सुबह पास के नल से पीने का पानी लेने के लिए निकली थीं, इसी बीच तुलैल के माजगुंड इलाके में मध्यम हिमस्खलन की चपेट में आ गईं।

उन्होंने बताया कि घटना के तुरंत बाद स्थानीय निवासियों ने बचाव अभियान शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को बचा लिया गया। इस घटना से फिलहाल किसी तरह के नुकसान की खबर नहीं है।

गुरेज घाटी सहित बांदीपोरा के ऊपरी इलाकों में गुरुवार को एक बार फिर ताजा हिमपात हुआ। बर्फ जमा होने के कारण शेष कश्मीर घाटी के साथ सड़क संपर्क अवरूद्ध हो जाता है। स्टेट डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी (एसडीएमए) ने पहले ही बांदीपोरा जिले में हिमस्खलन की चेतावनी जारी कर दी है और ऊपरी इलाकों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने और मौसम में सुधार होने तक ढलानों, पहाड़ी इलाकों या हिमस्खलन की आशंका वाले इलाकों में नहीं जाने की अपील की है।

इस साल 12 जनवरी को हैदराबाद स्थित मेघा इंजीनियरिंग एंड इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड में काम करने वाले दो मजदूर, जो ज़ोजिला सुरंग पर काम कर रहे थे, मध्य कश्मीर के गांदरबल जिले में हुए एक हिमस्खलन की चपेट में आकर मारे गए थे। उत्तरी कश्मीर में गुलमर्ग के प्रसिद्ध स्की रिसॉर्ट में अफरवाट चोटी पर हिमस्खलन की चपेट में आकर पोलैंड के दो नागरिक मारे गए थे जबकि रूस और पोलैंड के 19 अन्य विदेशियों और दो स्थानीय गाइडों को बचा लिया गया था।

Related Articles

Back to top button