मध्य प्रदेश

शिवराज और शर्मा ने अर्पित किए दीनदयाल उपाध्याय को श्रद्धासुमन

भोपाल, 11 फरवरी : मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने आज पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि के अवसर पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुुमन अर्पित किए।
आज के इस दिन को प्रदेश के सभी पार्टी बूथों पर कार्यकर्ताओं ने समर्पण दिवस के रूप में मनाया।

राजधानी भोपाल में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री चौहान, प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा सहित वरिष्ठ नेताओं ने अपनी सहयोग निधि अर्पित की।

इस दौरान श्री चौहान ने कहा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय ने ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ का भाव रखते हुए सबके प्रगति और विकास के लिए एकात्म मानववाद का सृजन किया। उनके विचारों के अनुरूप प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार ने जनता के हितों को ध्यान में रखते हुए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं बनाई हैं। बुनियादी सुविधाएं उसी एकात्म मानववाद से निकले विचार हैं।
श्री चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री ने जी-20 की थीम ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ रखी, जिसका अर्थ है सारी दुनिया एक परिवार है। ‘एक पृथ्वी, एक परिवार, एक भविष्य’ यह एकात्म मानव दर्शन है जिस पर भारतीय जनता पार्टी काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पार्टी का पूरा खर्चा कार्यकर्ताओं की कमाई से चलता है। प्रधानमंत्री श्री मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित सभी कार्यकर्ता नमो एप के माध्यम से समर्पण निधि समर्पित करेंगे।

वहीं पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने कहा कि पं. उपाध्याय ने जनसंघ से लेकर भाजपा के लिए एक ऐसा दर्शन दिया, जिसके आधार पर चलकर आज भाजपा दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक दल बनी है। भाजपा लगातार पं. दीनदयाल उपाध्याय के विचारों पर कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि आज समर्पण का दिन है। भाजपा कार्यकर्ता पूरे देश में अपने संगठन को शुुचिता के साथ आर्थिक दृष्टि से और संगठन को अपने बल पर चला रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि आज पं. दीनदयाल की पुण्यतिथि के अवसर पर संकल्प के साथ समर्पण करें एवं उनकी बताई पद्धति व विचार पर चलकर कार्य करने का प्रयास करें।

Related Articles

Back to top button