बिजनेस

‘ऊर्जा संरक्षण दिवस’ पर बुधवार को राष्ट्रपति मुर्मू देंगी राष्ट्रीय पुरस्कार

नयी दिल्ली, 13 दिसंबर : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु बुधवार को यहां विद्युत मंत्रालय द्वारा राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण दिवस 2022 समारोह में मुख्य अतिथि होंगी और इस क्षेत्र में विजेताओं को राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित करेंगी।

मंत्रालय की एक विज्ञप्ति के अनुसार इस कार्यक्रम को केंद्रीय विद्युत नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री आर. के. सिंह भी समारोह को संबोधित करेंगे। समारोह में विद्युत तथा भारी उद्योग राज्यमंत्री कृष्णपाल, विद्युत मंत्रालय के सचिव आलोक कुमार भी शामिल होंगे।
बयान में कहा गया है कि सुश्री मुर्मू इस अवसर पर ऊर्जा संरक्षण पुरस्कार (एनईसीए), राष्ट्रीय ऊर्जा दक्षता नवाचार पुरस्कार (एनईईआईए),स्कूली बच्चों के लिए राष्ट्रीय पेंटिंग प्रतियोगिता पुरस्कारों के विजेताओं को सम्मानित करेंगी । वह ‘ईवी यात्रा पोर्टल ’का उद्घाटन भी करेंगी।

ऊर्जा दक्षता ब्यूरो ने निकटतम सार्वजनिक ईवी चार्जर तक आनलाइन वाहन- दिग्दर्शन के लिए एक मोबाइल एप्लीकेशन विकसित किया है।यह वेब पोर्टल देश में ई-गतिशीलता को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न केंद्रीय और राज्य स्तरीय पहलों पर सूचना का प्रसार करने के लिए एक वेबसाइट और सीपीयू को अपने चार्जिंग विवरण को सुरक्षित रूप से राष्ट्रीय ऑनलाइन डाटा बेस में पंजीकृत करने में सक्षम बनाने के लिए है।

इसे आई फोन तथा एंड्रॉयड स्मार्ट फोन दोनों पर गूगल प्ले स्टोर तथा ऐप्पल स्टोर से आसानी से डाउनलोड किया जा सकता है
राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण दिवस प्रत्येक वर्ष 14 दिसंबर को मनाया जाता है। इसका उद्देश्य ऊर्जा दक्षता और संरक्षण में देश की उपलब्धियों को दिखाना है।

मंत्रालय ने एनईसीए 2022 के लिए आवेदन 27 अक्टूबर तक आनलाइन आमंत्रित किए थे और इसके लिए कुल 448 आवेदन प्राप्त हुए।
एनईसीए 2022 के लिए प्रथम पुरस्कारों की संख्या 19, द्वितीय पुरस्कार 8 और योग्यता प्रमाण-पत्र (सर्टिफिकेट ऑफ मेरिट) की संख्या 21 रखी गयी है।

एनईईआईए-2022 के लिए इसी दौरान विद्यार्थियों तथा अनुसंधानकर्ताओं से कुल 177 आवेदन प्राप्त हुए हैं। एनईईआईए 2022 के लिए पुरस्कारों में दो प्रथम पुरस्कार,दो द्वितीय और दो मान्यता प्रमाण पत्र (सीओआर) दिए जाएंगे।
विद्युत मंत्रालय 2005 से ऊर्जा संरक्षण पर तीन स्तरों- स्कूल, राज्य तथा राष्ट्रीय स्तर पर राष्ट्रीय चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन कर रहा है। इसी तरह राष्ट्रीय पेंटिंग प्रतियोगिता 2022 के लिए वर्ष 2021 में आयोजनों में 80 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया था।

Related Articles

Back to top button