मध्य प्रदेश

चीता के कुनबे में वृद्धि पर मोदी ने जतायी प्रसन्नता

भोपाल, 29 मार्च : देश में सात दशक बाद चीता के पुनर्वास की महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत मध्यप्रदेश के श्योपुर जिले में स्थित कूनो राष्ट्रीय उद्यान में चीता के परिवार में वृद्धि पर आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने ही अंदाज में प्रसन्नता व्यक्त की है।
श्री मोदी ने ट्वीट के जरिए इसे ”अद्भुत समाचार” निरुपित किया। श्री मोदी ने केंद्रीय वन मंत्री भूपेंद्र यादव के चीता के संबंध में दी गयी सुखद खबर को रीट्वीट करते हुए लिखा है, ”वंडरफुल न्यूज (अद्भुत समाचार)”।

इसके पहले श्री यादव ने ट्वीट के जरिए कहा कि कूनो राष्ट्रीय उद्यान में 17 सितंबर 2022 को नामीबिया से लायी गयी मादा चीता ने चार शावकों को जन्म दिया है। उन्होंने शावकों का लगभग 12 सैकंड का एक वीडियो भी जारी किया है। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के अमृतकाल में वन्यजीव संरक्षण की दिशा में यह घटना स्मरण के योग्य है। इसी को रीट्वीट करते हुए श्री मोदी ने अपनी प्रसन्न्ता व्यक्त की है।

सत्रह सितंबर को श्री मोदी ने स्वयं कूनो में नामीबिया से लाए गए 8 चीतों को छोड़ा था। इनमें नर और मादा चीता शामिल थे। बाद में 12 और चीते दक्षिण अफ्रीका से लाकर कूनो में छोड़े गए। हालाकि हाल ही में एक मादा चीता की किडनी इंफेक्शन के कारण मृत्यु की घटना ने चीता के पुनर्वास के कार्य में जुटे अमले को थोड़ा निराश कर दिया था। लेकिन एक अन्य मादा चीता द्वारा चार शावकों के जन्म की सूचना के बाद इसका सभी ने स्वागत किया है।

Related Articles

Back to top button