मध्य प्रदेश

अग्निवीर भर्ती रैली मैदान से पकड़ा गया संदिग्ध, विदेशियों से संपर्क की आशंका

भोपाल, 29 अक्टूबर : मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में चल रही ”अग्निवीर भर्ती रैली” मैदान से सैन्य अधिकारियों ने आज एक संदिग्ध युवक को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया।

भर्ती रैली से जुड़े उच्च अधिकारियों ने बताया कि आज सुबह लगभग साढ़े नौ बजे भर्ती रैली मैदान से एक संदिग्ध युवक काे पकड़ा गया, जिसकी पहचान प्रारंभिक तौर पर मनीष मेवाड़ा के रूप में हुयी है।

दरअसल मैदान पर सेना के गुप्तचर कर्मचारियों को एक युवक दिखा जिसकी हरकतें संदिग्ध दिख रही थी और जो वहां के वीडियो बना रहा था। उसे पकड़ कर उससे पूछताछ की गई। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि उसने वीडियो बनाने के साथ कई प्रत्याशियों से चयन के नाम पर 25 हजार रुपए की मांग भी की थी। युवक के पास जब्त दस्तावेजों से ये भी पता चला कि वह पाकिस्तान समेत कई अन्य दूसरे देशों के नागरिकों के संपर्क में था। आशंका है कि वह मादक पदार्थों की तस्करी से भी जुड़ा हुआ है। आरोप है कि उसने कई प्रत्याशियों को भी कई प्रतिबंधित दवाओं की आपूर्ति का प्रयास किया।

सेना से जुड़े अधिकारियों ने आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया। इस बीच भोपाल पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि युवक को फिलहाल हिरासत में रखा गया है। पुलिस ने प्रारंभिक पूछताछ की है और उसके संबंध में पूर्ण जानकारी जुटायी जा रही है। इस संबंध में राज्य पुलिस की खुफिया और अन्य विशेष एजेंसियों को सूचना दे दी गयी है। इन एजेंसियों के द्वारा पूछताछ के बाद युवक की हरकतों के संबंध में पुख्ता पता चल सकेगा।

Related Articles

Back to top button