खेल

जालंधर में बनेगा खेल विश्वविद्यालय : भगवंत मान

मोहाली, 23 फरवरी : पंजाब के मोहाली में गुरुवार से शुरू हुए दो दिवसीय ‘प्रोग्रेसिव इन्वेस्टर्स समिट-2023’ में मुख्यमंत्री भगवंत मान ने जालंधर में एक खेल विश्वविद्यालय स्थापित करने का एलान किया।

श्री मान ने कहा कि देश के 75 प्रतिशत खेल सामान का निर्माण पंजाब में होता है। उन्होंने कहा कि जालंधर एक समय पर खेलों का केन्द्र हुआ करता था लेकिन पिछली सरकारों की नीतियों के कारण यहां खेल सामान के निर्माण में कमी आई है। उन्होंने कहा कि जालंधर को फिर से खेलों का केन्द्र बनाने के उद्देश्य से पंजाब सरकार यहां खेल विश्वविद्यालय स्थापित करेगी।

शिखर सम्मेलन में शामिल होने आये कारोबारियों का स्वागत करते हुए श्री मान ने कहा कि पंजाब मेहनती और पांच दरियाओं की धरती है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार यहां निवेशकों को अच्छा माहौल देगी इसलिए वे यहां बेफिक्र होकर निवेश करें। उन्होंने कहा कि पंजाब नयी चीजों एवं तकनीक को बहुत जल्दी अपनाता है और यह उसके स्वभाव में है।

श्री मान ने कहा कि पहले पंजाब में एक ही राष्ट्रीय राजमार्ग हुआ करता था लेकिन वर्तमान में पंजाब में चार राष्ट्रीय उच्च मार्ग हैं और अधिकांश उद्योग इसके पास हैं। इसके अलावा यहां चार हवाईअड्डे हैं, जिनमें से दो अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे हैं। इसी तरह लुधियाना में हलवारा हवाई अड्डा शुरू किया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button