मध्य प्रदेश

मध्यप्रदेश में कई स्थानों पर हल्की वर्षा से बढ़ी ठंड

भोपाल, 13 दिसंबर : मौसम में आये बदलाव के चलते मध्यप्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्से में एक दर्जन से अधिक स्थानों पर हुई वर्षा से जनजीवन पर इसका विपरीत असर पड़ा है।

राज्य के पश्चिमी हिस्से में आने वाले राजधानी भोपाल के अलावा बैतूल, विदिशा, बड़वानी, रायसेन, सीहोर और बुरहानपुर जिले में वर्षा होने से जनजीवन पर विपरीत असर देखने को मिला है। खेत-खलियानों पर किसानों को फसल बचाने की चिंता के साथ ही ठंड का प्रभाव बढ़ा है। सुबह में कई स्थानों पर हल्की धुंध होने के कारण लोगों को एक स्थान से दूसरे स्थान पर आने-जाने में वाहनों में लाइट जलाना पड़ा है। कल रात से आज सुबह आठ बजे तक बैतूल जिले में 13़ 8 मिमि, भोपाल में 4़ 8 मिमि, विदिशा में 16 मिमि, बडवानी जिले के चाचरीयापाटी में 14 मिमि, रायसेन जिले में 2़ 4 मिमि वर्षा दर्ज की गई।

इसी प्रकार राज्य के पूर्वी हिस्से में आने वाले सागर जिले के राहतगढ़ व बंडा, दमोह जिले के पथरिया, बटियागढ, , छिंदवाड़ा जिले के जुन्नारगढ़, उमरेठ, तमिया, हर्राई, परासिया, पाण्ढुर्ना, मोहखेड, उमरिया के अलावा नौरोजाबाद, पाली, जबलपुर जिले के बरेला व पाटन, मंडला और बालाघाट जिले में कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा हुई।

मौसम वैज्ञानिकों की माने तो अगले चौबीस घंटों के दौरान भी कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा के आसार और आसमान में बादल छाये रहने का अनुमान है। रात के तापमान में एक दो दिन के बाद 2 से 3 डिग्री सेल्सियस के गिरावट आने की संभावना वैज्ञानिकों ने दी है।
प्रदेश की राजधानी भोपाल में कल रात से सुबह आठ बजे तक हल्की वर्षा हुई। इसके बाद आसमान में हल्के बादल छाये रहे। अगले चौबीस घंटों के दौरान ऐसी स्थिति रहने का अनुमान है।

Related Articles

Back to top button