अन्य राज्य

अल्मोड़ा में तेंदुआ ने वृद्धा को बनाया निवाला

नैनीताल 31 अगस्त : उत्तराखंड के अल्मोड़ा जनपद के द्वाराहाट में मंगलवार रात को तेंदुए द्वारा एक वृद्धा को निवाला बनाये जाने की संदिग्ध घटना प्रकाश में आयी है। अभी तक महिला का पता नहीं चल पाया है। वन विभाग, पुलिस व ग्रामीणों की ओर से वृद्ध महिला की तलाश की जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार घटना द्वाराहाट तहसील के कफड़ा के नाहर छब्बीसो गांव में बीती रात को घटी है। बताया जा रहा है कि शांति देवी (72) पत्नी विपिन चंद्र पाठक मंगलवार देर शाम अपने आंगन से यकायक लापता हो गयी। काफी देर तक जब शांति देवी घर नहीं लौटी तो ग्रामीणों ने उसकी तलाश की।

पुलिस व वन विभाग की टीम भी रात को ही मौके पर पहुंच गयी। रात में वन विभाग व पुलिस की टीम ने ग्रामीणों के साथ मिल कर महिला की तलाश की लेकिन कोई सुराग हाथ नहीं लगे। आज सुबह फिर तलाशी अभियान चलाया गया।

प्रभागीय वनाधिकारी महातिम यादव के अनुसार अभी तक महिला के बारे में कोई जानकारी हाथ नहीं लग पायी है। उन्होंने तेंदुए के हमले से इनकार नहीं किया है। दूसरी ओर ग्रामीण भी इसे तेंदुए का हमला मान रहे हैं।

ग्रामीणों के अनुसार घर से कुछ ही दूरी पर झाड़ियों में महिला को घसीटे जाने के निशान भी मिले हैं। ग्रामीणों के अनुसार बरसात के मौसम में बेहद घनी झाड़ी होने के चलते तलाशी अभियान में दिक्कत आ रही है। इस घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।

Related Articles

Back to top button