अन्य राज्य

ओडिशा को राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार के तहत मिले आठ अवार्ड

भुवनेश्वर 09 अप्रैल : ओडिशा को राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार 2022 के तहत आठ पुरस्कार मिले हैं, जो किसी भी राज्य के लिए सर्वोच्च पुरस्कार हैं।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 17 अप्रैल को नयी दिल्ली स्थित विज्ञान भवन पुरस्कार प्रदान करेंगी।
गंजम जिला परिषद के साथ-साथ हिंजलीकातु ब्लॉक ने जिले की संबंधित ग्राम पंचायतों के प्रदर्शन और ब्लॉक की सभी ग्राम पंचायतों के प्रदर्शन के आधार पर देश में पहली रैंक हासिल की।

दोनों को नानाजी देशमुख सर्वोत्तम पंचायत सात विकास पुरस्कार श्रेणी के तहत सम्मानित किया गया। इसके अलावा, छह अन्य ग्राम पंचायतों को भी विभिन्न विषयों के तहत राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त हुए हैं।

पुरस्कारों में नकद पुरस्कार भी होते हैं और तदनुसार गंजाम को पांच करोड़ रुपये और हिंजलीकातु ब्लॉक को दो करोड़ रुपये प्राप्त होंगे। इसके अलावा ग्राम पंचायतों को 50-75 लाख रुपये का नकद पुरस्कार भी मिलेगा।
यह पुरस्कार योजना केंद्रीय पंचायती राज मंत्रालय की ओर से पंचायती राज संस्थाओं के वास्ते किए जा रहे अच्छे कार्यों को मान्यता देने के साथ-साथ उन्हें बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित करने के लिए शुरू की गई थी।

इस योजना के तहत, ‘राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार’ सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली पंचायतों (जिला परिषदों, पंचायत समितियों और ग्राम पंचायत) को विभिन्न प्राथमिकता वाले क्षेत्रों के तहत वितरण सेवाओं और सार्वजनिक वस्तुओं में सुधार के लिए उनके अच्छे काम की पहचान के लिए दिए जाते हैं।

सतत विकास लक्ष्यों के नौ क्षेत्र हैं – गरीबी मुक्त और बढ़ी हुई आजीविका, स्वस्थ, बाल अनुकूल, जल पर्याप्त, स्वच्छ और हरित पंचायत, आत्मनिर्भर बुनियादी ढांचा, सामाजिक रूप से सुरक्षित, सुशासन और महिला अनुकूल काम करना शामिल है।
इसके अलावा, कार्बन न्यूट्रल और ग्राम ऊर्जा स्वराज पुरस्कार (पंचायतों के लिए) के लिए विशेष श्रेणी पुरस्कार भी स्थापित किए गए।
एलएसडीजी के नौ विषयों के साथ-साथ क्षेत्र सत्यापन के तहत 113 मापदंडों के आधार पर विस्तृत मूल्यांकन के बाद पुरस्कारों को अंतिम रूप दिया गया।

Related Articles

Back to top button