अन्य राज्य

हर घर तिरंगा के लिये स्कूली बच्चों ने धामी संग निकाली प्रभात फेरी

देहरादून 09 अगस्त : स्वतंत्रता के 75वें वर्ष में आजादी के अमृत महोत्सव के तहत हर घर पर तिरंगा फहराने के कार्यक्रम के अंतर्गत मंगलवार सुबह यहां उत्तराखंड मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रभात फेरी निकाली गई। शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित इस प्रभात फेरी में जन प्रतिनिधियों, शासन, प्रशासन, पुलिस के अधिकारियों तथा शिक्षा विभाग के अधिकारियों, शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश से लेकर बूथ तक के पदाधिकारी और कार्यकर्ता जुटे हुए हैं। पार्टी नौ से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान चला रहा है।

श्री धामी ने उपस्थित जनसमुदाय को सम्बोधित करते हुये कहा कि देश में आजादी का अमृत महोत्सव के तहत अनेक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले क्रान्तिकारियों का स्मरण पूरा देश कर रहा है। उन्होंने सभी प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि 13 से 15 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत सभी अपने घरों में तिरंगा लगायें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी 25 साल देश का अमृत काल होगा। भारत की स्वतंत्रता के लिए अपना अहम योगदान देने वाले हमारे क्रान्तिकारियों एवं स्वतंत्रता सेनानियों की वीर गाथाएं हमारी युवा पीढ़ी को प्रेरणा देती रहेंगी। उन्होंने कहा कि हमारे नौनिहाल देश का भविष्य हैं। उन्होंने कहा कि 2025 में उत्तराखण्ड राज्य स्थापना की रजत जयंती मनायेगा। तब तक उत्तराखण्ड हर क्षेत्र में देश के श्रेष्ठ राज्यों में शामिल हो इस दिशा में राज्य सरकार प्रयासरत है।

श्री धामी ने कहा कि सभी विभागों का प्रदेश के समग्र विकास के लिए 10 साल का रोडमैप बनाने एवं 03 साल में कौन से महत्वपूर्ण कार्य धरातल पर कर सकते हैं, लक्ष्य दिया गया है। विकल्प रहित संकल्प के साथ राज्य सरकार आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि तिरंगा हमारा मान, सम्मान एवं स्वाभिमान है। उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान को आज से 15 अगस्त तक व्यापक स्तर पर चलाया जाय।

शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि आज ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत देहरादून की धरती पर हजारों लोगों द्वारा तिरंगा यात्रा में प्रतिभाग किया जा रहा है। आगामी 13 से 15 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा’ लगे इसके लिए व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।

इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक खजान दास, मेयर सुनील उनियाल गामा, डीजीपी अशोक कुमार, जिलाधिकारी देहरादून सोनिका, एस.एस.पी दलीप सिंह कुंवर, शिक्षा महानिदेशक वंशीधर तिवारी एवं अन्य गणमान्य मौजूद थे।

Related Articles

Back to top button