अन्य राज्य

नेहरा खाप का ताज सिरसा के संदीप नेहरा के सिर पर

सिरसा 24 जनवरी: हरियाणा के पूर्व कैबिनेट मंत्री, नेहरा खाप व नेहरा खाप ट्रस्ट के अध्यक्ष जगदीश नेहरा को मंगलवार को हजारों गणमान्य व्यक्तियों ने भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर उनके पुत्र संदीप नेहरा को नेहरा खाप के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई।

श्री संदीप नेहरा ने कहा कि वे पूरे मनोयोग से इस जिम्मेदारी को सम्भालेंगे और अपने पिता के पदचिन्हों पर चलकर समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलेंगे।
गौरतलब है कि गत 18 जनवरी को संक्षिप्त बीमारी के चलते वयोवृद्ध नेता जगदीश नेहरा का निधन हो गया था। मंगलवार को उनकी रस्म पगड़ी पर पूर्व केंद्रीय मंत्री व अखिल भारतीय कांग्रेस की महासचिव कुमारी शैलजा, पूर्व मंत्री सुभाष बत्रा, पूर्व मंत्री कृष्णमूर्ति हुड्डा, पूर्व विधायक बलवान दौलतपुरिया, प्रसिद्ध उद्योगपति जगमोहन मित्तल समेत हजारों गणमान्य लोगों ने अपने श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
इस अवसर पर नेहरा खाप ने सर्वसम्मति से जगदीश नेहरा के पुत्र संदीप नेहरा के सिर पर नेहरा खाप के राष्ट्रीय अध्यक्ष की पगड़ी बांधकर उन्हें नेहरा गौत्र के सभी सामाजिक कार्यों की कमान सौंप दी।

इस मौके पर एडवोकेट सतवीर नेहरा निंदाना रोहतक, कर्नल डी वी नेहरा नियाना हिसार, कर्नल ओपी नेहरा गुढ़ा झज्जर, सुलोचना नेहरा, अमित नेहरा वरिष्ठ पत्रकार गुड़गांव, सोनाराम नेहरा नेहरो की ढाणी बाड़मेर, गोमाराम नेहरा राजस्थान, कुलवंत एडवोकेट यमुनानगर, पवन नेहरा भूडका, यशपाल नेहरा यमुनानगर, महेंद्र सिंह नेहरा हिसार, प्रदीप नेहरा प्रसिद्ध उद्योगपति हिसार, सुरेंद्र नेहरा पहलवान चांग भिवानी व कृष्ण नेहरा सुल्तानपुर समेत हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली, उत्तरप्रदेश व पंजाब समेत पूरे भारत के नेहरा गौत्र के सैंकड़ों गणमान्य लोग उपस्थित थे।

उल्लेखनीय है कि स्वर्गीय जगदीश नेहरा ने नेहरा खाप के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर रहते हुए पूरे नेहरा समाज को एक सूत्र में पिरोने का कार्य किया था। उन्होंने नेहरा गोत्र के साथ-साथ सभी समाजों को साथ लेकर बहुत से समाज सुधार के कार्य किये। नेहरा समाज ने उनके इस महती योगदान को देखते हुए उनके पुत्र संदीप नेहरा को उनकी जगह नेहरा खाप का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाने का प्रस्ताव किया। इसे सर्वसम्मति से मान लिया गया।

इस अवसर पर नेहरा खाप के नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप नेहरा ने कहा कि वे अपने पिता के पदचिन्हों पर चलकर समाज के कल्याणकारी कार्यों को मन लगाकर करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि वे सभी को साथ लेकर इस मुहिम को आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने यह जिम्मेदारी सौंपने के लिए सभी का आभार व्यक्त किया। उपस्थित सभी नेहरा गोत्रीय लोगों ने श्री संदीप नेहरा को सामाजिक कार्यों के लिए हरसंभव सहायता करने का आश्वासन दिया।

Related Articles

Back to top button