मध्य प्रदेश

द्रौपदी मुर्मु ने किया जनजातीय संग्रहालय का अवलोकन

भोपाल, 16 नवंबर : राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने मध्यप्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल तथा मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की उपस्थिति में आज यहां जनजातीय संग्रहालय का अवलोकन किया।

राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु का पद्मश्री श्रीमती भूरी बाई ने जनजातीय संग्रहालय आगमन पर अंग वस्त्रम भेंट कर स्वागत किया। श्रीमती मुर्मु ने जनजातीय संग्रहालय स्थित जनजातीय जीवन वीथिका, जनजातीय परिवेश के बच्चों के खेलों पर केन्द्रित वीथिका, लिखन्दरा प्रदर्शनी दीर्घा और चिनहारी संग्रहालय स्टॉल का अवलोकन किया। जनजातीय जीवन दीर्घा में प्रदेश में निवासरत गोंड, बैगा, भारिया, सहरिया, भील और कोरकू आदिवासी समुदायों के आवासों की वास्तुगत, शिल्पगत, व्यवहारगत विशेषताओं और उनकी जीवनशैली को प्रदर्शित किया गया है।

मुख्यमंत्री ने राष्ट्रपति को इन वीथिकाओं के संबंध में परिचयात्मक जानकारी दी। राष्ट्रपति ने संग्रहालय के आकल्पन व प्रदर्शन विधा की सराहना की। राष्ट्रपति को प्रस्थान के समय जनजातीय संग्रहालय की ओर से भगवान गणेश की धातुशिल्प से निर्मित लघु प्रतिमा भारिया देवलोक सहित अन्य पुस्तकों का सेट एवं गोंड पेंटिंग भेंट की गयी।

Related Articles

Back to top button