उत्तर प्रदेश

परियोजनाओं के जरिए शोषण करने वालों की हो रही दुर्गति: योगी

रामपुर 4 सितम्बर, : समाजवादी पार्टी (सपा) और उसके विधायक आजम खान का नाम लिए बगैर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को कहा कि परियोजनाओं के जरिए शोषण करने वालों की आज दुर्गति हो रही है।

फिजिकल ग्राउंड में 72 करोड़ रुपये की लागत से 22 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करने के बाद आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुये श्री योगी ने कहा कि जिन लोगों के एजेंडे में विकास और लोक कल्याण नहीं है उन्होंने रामपुर का दोहन और शोषण किया। एक समय था जब विकास की परियोजनाएं गांव, गरीब, महिला, किसान, नौजवान और समाज की विभिन्न तबके को ध्यान में रखकर नहीं, बल्कि व्यक्ति केंद्रित बनाई जाती थीं, जो शोषण का जरिया बनती थी। अंततः आज ऐसा करने वालों की दुर्गति हो गई है।

उन्होने कहा कि रामपुरी चाकू पहले गलत हाथों में था, जिन्होंने इसको शोषण का जरिया बना लिया था। अब यही रामपुरी चाकू जब सकारात्मक हाथों में है, तो भाजपा की डबल इंजन सरकार ने सामान्य नागरिकों, महिलाओं, युवाओं और व्यापारियों को सुरक्षा देने के किए इस्तेमाल किया और निवेश का ज़रिया बनाया।

सीएम योगी ने कहा कि पिछली सरकारें स्वयं के हित के लिए योजनाएं बनाती थीं। यही कारण रहा कि राजकीय मुदुर्जा इंटर कॉलेज को एक पार्टी विशेष का कार्यालय बना दिया गया। बाद में उसे निजी स्कूल में बदल दिया गया। यहां के दो सौ वर्ष पुराने शैक्षणिक संस्थान मदरसा आलिया को एक निजी विद्यालय में बदल दिया गया था। उसके पुस्तकालय में मौजूद दुर्लभ हस्तलिखित पुस्तकों पर जबरन कब्जा करने का प्रयास किया गया। हमारी सरकार ने उन दुर्लभ पाण्डुलियों को मदरसा आलिया को वापस करते हुए उन्हें संरक्षित करने का कार्य किया है। इन पांडुलिपियों के साथ खिलवाड़ करने की छूट हम किसी को नहीं दे सकते हैं।

उन्होने कहा कि पिछली सरकारों में यहां का सिटी मांटेसरी स्कूल कभी गेस्ट हाउस हुआ करता था, जहां असहयोग आंदोलन के दौरान रुककर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने देश की आजादी को एक नई दिशा देने का कार्य किया था। ऐसे ऐतिहासिक महत्व के संस्थान को हड़पने का कार्य किया गया था। सैकड़ों करोड़ रुपये के अन्य तमाम कार्य जो रामपुर के विकास के लिए महत्वपूर्ण थे, उनमें बाधा पैदा करके रामपुर को विकास और समृद्धि से वंचित करने की साजिश पिछले 10-12 वर्षों से हो रही थी। उन सभी साजिशों को बेनकाब करने के लिए मैं बार-बार रामपुर आता था।

श्री योगी ने कहा कि रामपुर की अपनी पौराणिक और ऐतिहासिक पहचान रही है, इस पहचान को हर हाल में बनाए रखने की आवश्यकता है। विकास और सुरक्षा के नाम पर रामपुर की जनता ने भाजपा को आशीर्वाद दिया। अब हर हाल में विकास की योजनाएं रामपुर में बिना भेदभाव के आएंगी। इनको कोई रोक नहीं सकता है। आज रामपुर ने विकास, सुरक्षा और समृद्धि के साथ जुड़ते हुए एक नये युग की शुरुआत की है। राजा राम सिंह के नाम पर इस जनपद को जाना जाता है। हमारी सरकार ने उन्हीं के नाम पर पनबड़िया ओवर ब्रिज का नाम रखा है।

उन्होने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को विकास और स्वावलंबन का एक मंत्र दिया। वह मंत्र है सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास। विकास और समृद्धि में हर व्यक्ति की अपनी भागीदारी होती है। समाज जब अपनी भागीदारी करता है, तब विकास अमलीजामा पहना हुआ दिखाई देता है। आज रामपुर में कई विकास की योजनाएं देखने को मिल रही हैं, जिन्हें देखकर लगता है कि रामपुर बदल रहा है। प्रधानमंत्री मोदी के विजन ‘अमृत सरोवर’ के कार्यक्रम का रामपुर में सफलतापूर्वक क्रियान्वयन किया गया। प्रधानमंत्री मोदी ने इसकी चर्चा मन की बात में करके रामपुर को एक नई पहचान दी है।

Related Articles

Back to top button