राजस्थान

सोनिया गांधी कोटा आएंगी या राहुल दिल्ली जाएंगे, असमंजस बरकरार

कोटा,04 दिसम्बर : कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी 9 दिसंबर को कोटा आकर अपना जन्मदिन मनाएंगे या उनके पुत्र और पूर्व राष्ट्रीय कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी दिल्ली जाएंगे, इसको लेकर आज भी असमंजस की स्थिति बनी रही और इसी को ध्यान में रखते हुए श्री गांधी के कोटा आने के कार्यक्रम में कुछ फेरबदल किया गया।

कांग्रेस के स्तर पर यह लगातार कहा जा रहा है कि श्रीमती गांधी 8 दिसम्बर की शाम या 9 दिसम्बर की सुबह विशेष विमान से नई दिल्ली से कोटा आ सकती और राहुल गांधी के साथ उनकी भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हो सकती है और यही उनका जन्मदिन भी मनाया जा सकता है जो 9 दिसंबर को आता है लेकिन अभी तक इस बारे में पार्टी स्तर पर आधिकारिक तौर पर कोई निर्णय नहीं किया गया है और असमंजस की स्थिति बरकरार है।

इस बारे में आज दोपहर देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री के पुत्र और राजस्थान में भारत जोड़ो यात्रा के मीडिया प्रभारी विभाकर शास्त्री ने यहां पत्रकारों को बताया कि श्रीमती गांधी के भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने के लिए कोटा आने का अभी अंतिम कार्यक्रम नहीं बना है और दोनों ही संभावना है कि या तो वह अपने जन्मदिन के मौके पर कोटा आकर श्री गांधी के भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हो सकती हैं या इस मौके पर राहुल गांधी विशेष विमान से नई दिल्ली जा सकते हैं।

इसी को ध्यान में रखते हुए भारत जोड़ो यात्रा के तहत कोटा आने वाले श्री गांधी के कार्यक्रम में कुछ मामूली तब्दीलियां की गई है और उसी के अनुरूप सारी तैयारियां की जा रही हैं।

Related Articles

Back to top button