राजस्थान

पुष्कर सरोवर के जल में ऑक्सीजन की मात्रा कम होने से मछलियों का दम घुटने लगा

अजमेर 12 नवम्बर : अंतरराष्ट्रीय पुष्कर मेले के दौरान पवित्र पुष्कर सरोवर के जल में ऑक्सीजन की मात्रा कम होने एवं पानी के गाड़ा हो जाने से मछलियों एवं अन्य जीवों के दम घुटने से पहले ही नगरपालिका ने पानी को फिल्टर करने का बीड़ा उठाया है।

अजमेर के निकटवर्ती तीर्थराज पुष्कर में इसी कार्तिक पूर्णिमा को पंचतीर्थ स्नान, कार्तिक पूर्णिमा एवं अगले दिन मृगछाला स्नान में करीब छह से सात लाख श्रद्धालुओं ने पवित्र सरोवर में आस्था की डुबकी लगाई। स्नान के साथ साथ उन्होंने सरोवर में प्रतिबंधित खाद्य व पूजन सामग्री के अलावा दीपदान भी किया जिसके चलते सरोवर के सभी 52 घाटों पर पानी में खाद्य सामग्री की गंदगी से पानी गाड़ा हो गया और जल में ऑक्सीजन की मात्रा भी कम हो गई जिससे जल जीवों व मछलियों का दम घुटने लगा। पुष्कर नगरपालिका ने समय रहते निर्णय लिया और पानी में बड़े पैमाने पर उसे शुद्ध करने के लिए चूना डलवाने का काम शुरू किया। इसके जरिए सरोवर का पानी साफ करने का बीड़ा उठाया गया। जानकारों के अनुसार इससे ऑक्सीजन की मात्रा भी बढ़ेगी।

पुष्कर नगरपालिका सफाई प्रभारी लोकेन्द्र ने बताया कि पुष्कर मेले के बाद सरोवर में अब तक 600 किलो चूना डाला जा चुका है और आने वाले दिनों में इतना ही चूना और डाला जाएगा।

उल्लेखनीय है कि पवित्र पुष्कर सरोवर में पूरे साल खाद्य सामग्री को श्रद्धालु डालते हैं लेकिन सरोवर की सफाई नहीं की जाती।

Related Articles

Back to top button