भारत

तीन उच्च न्यायालयों के मुख्य न्यायाधीशों की नियुक्ति की सिफारिश

नयी दिल्ली, 30 सितंबर : उच्चतम न्यायालय कॉलेजियम ने उड़ीसा, कर्नाटक और जम्मू-कश्मीर उच्च न्यायालयों के मुख्य न्यायाधीशों की नियुक्ति की सिफारिश की है।

भारत के मुख्य न्यायाधीश यू यू ललित की अध्यक्षता वाली इस कॉलेजियम की 28 सितंबर को हुई बैठक में नियुक्ति के अलावा कई उच्च न्यायालयों के न्यायाधीशों के स्थानांतरण की सिफारिश करने से संबंधित फैसला लिया गया।

पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति जसवंत सिंह को उड़ीसा उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधीश बनाने की सिफारिश की गई हैं।

बॉम्बे उच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति पी बी वरले को कर्नाटक उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त करने की सिफारिश की गई है।

इसी प्रकार, जम्मू एवं कश्मीर उच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति अली मोहम्मद माग्रे को यहीं का मुख्य न्यायाधीश बनाने की सिफारिश की गई है।

कॉलेजियम ने उड़ीसा उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश एस मुरलीधर को मद्रास उच्च न्यायालय में मुख्य न्यायाधीश के रूप में स्थानांतरित करने की सिफारिश की है।

जम्मू एवं कश्मीर उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश पंकज मित्तल को राजस्थान उच्च न्यायालय में मुख्य न्यायाधीश के तौर पर स्थानांतरित करने सिफारिश की गई है।

उत्तराखंड उच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति संजय कुमार मिश्रा को झारखंड उच्च न्यायालय, न्यायाधीश न्यायमूर्ति के विनोद चंद्रन को केरल से बॉम्बे उच्च न्यायालय और न्यायाधीश न्यायमूर्ति अपरेश कुमार सिंह को झारखंड से त्रिपुरा उच्च न्यायालय में स्थानांतरित करने की भी सिफारिश की गयी है।

Related Articles

Back to top button