featureबड़ी ख़बरेंराज्य

कांग्रेस एवं विपक्षी दल एकता का भय दिखाकर नही डरा सकते मोदी को

रायपुर 07 जुलाई: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कांग्रेस एवं विपक्षी दलों की एकता की कोशिशों पर करारा वार करते हुए कहा कि..अगर वह सोचते हैं कि ऐसा कर वह मोदी को डरा पायेंगे,तो उन्हे समझ लेना चाहिए कि जो डर जाय वह मोदी नही होता..।

श्री मोदी ने वर्ष के अन्त में छत्तीसगढ़ में विधानसभा के होने वाले आम चुनावों के लिए भाजपा की विजय संकल्प रैली के जरिए प्रचार अभियान की शुरूआत करते हुए आज यहां कहा कि जो एक दूसरे को पानी पी पी कर कोसते थे,वह एक साथ आने की कोशिश कर रहे है।वह सोचते है कि ऐसा करने से मोदी को डरा पायेंगे,डिगा पायेंगे तो देश के भ्रष्टाचारी कान खोल कर सुन ले..अगर वह भ्रष्टाचार की गारन्टी है तो मोदी भ्रष्टाचार पर कार्रवाई की गारन्टी है।

उन्होने कहा कि जिसने गलत किया है.वह बचेगा नही। मेरे यह कहने की हिम्मत इसलिए है कि मेरे पास वहीं है जो आप लोगो ने दिया है।इसके सिवा कुछ नही है।उन्होने कहा कि..ये मेरे पीछे पड़ेगे,मेरी कब्र खोदने की धमकी देंगे लेकिन उन्हे पता नही जो डर जाय वह मोदी नही होता।लगभग आधे घंटे के अपने सम्बोधन में श्री मोदी ने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला और उस पर भ्रष्टाचार की जननी होने का आरोप दोहराया।

छत्तीसगढ़ के निर्माण में श्री मोदी ने भाजपा की प्रमुख भूमिका को याद दिलवाते हुए कहा कि भाजपा ही छत्तीसगढ़ के लोगो को समझती है,और वहीं इस राज्य का तेजी से विकास कर सकती है।उन्होने सात हजार करोड़ रूपए की केन्द्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों की आज लोकार्पित एवं शिलान्यास की गई परियोजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि रायपुर विशाखापट्टनम आर्थिक गलियारे से जुड़ने से राज्य में रोजगार के हजारों नए मौके बनेंगे।

श्री मोदी ने कहा कि दो वर्ष बाद छत्तीसगढ़ निर्माण के 25 वर्ष पूरे होने जा रहे है,अगले 25 वर्ष छत्तीसगढ़ के विकास के लिए काफी अहम है।उन्होने कहा कि छत्तीसगढ़ के विकास के रास्ते में बहुत बड़ा पंजा खड़ा हो गया है,वह आपका हक छीन रहा है,उसने ठान लिया है कि वह छत्तीसगढ़ को लूटकर बर्बाद कर देगा।उसने पिछले विधानसभा चुनावों में मां गंगा को साक्षी मानकर एक घोषणा पत्र जारी किया था कि दस दिनों के भीतर यह कर देंगे वह कर देंगे,और अब उसकी याद दिलाने पर उसकी याद्दगार चली जाती है।

उन्होने कहा कि कांग्रेस के झूठ फरेब के वादे में पूर्ण शराबबंदी भी शामिल थी, शराबबंदी तो हुई नही,हजारों करोड़ रूपए का शराब घोटाला जरूर हो गया।इसकी पूरी जानकारी अखबारों में भरी पड़ी है। शराब के कमीशन के पैसे उगाहे गए है,और कहते है कि वह कांग्रेस पार्टी के खाते में गए है।यह भी कहते है कि शराब घोटाले के पैसे की बंदरबांट की वजह से यहां ढ़ाई ढ़ाई साल के मुख्यमंत्री का फार्मूला लागू नही हो पाया।

श्री मोदी ने कहा कि पिछले चार वर्षों में कांग्रेस के लिए छत्तीसगढ़ एटीएम की तरह है।पिछले वर्षों में तमाम राज्यों में हुए चुनावों में छत्तीसगढ़ के कांग्रेस नेताओं को क्यों जिम्मेदारी सौंपी जाती रही है,वह आप समझ सकते है।उन्होने कहा कि शराब घोटाला ही नही राज्य का कोई विभाग ऐसा नही है जिसके काम पर संदेह नही हो।केन्द्र के जल जीवन मिशन को भी इन्होने नही छोड़ा।सूबे के मुखिया से लेकर मंत्रियों एवं अन्य पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप है।

उन्होने कहा कि पिछले चार वर्षों में राज्य में जो कुछ हुआ है,उससे साफ हैं कि कांग्रेस के कोर कोर में करप्शन हैं और बगैर वह इसके सांस भी नही ले सकती है।उन्होने कहा कि करप्शन और कमीशनखोरी पर अंकुश लगने पर नाराज होकर ये मोदी को भला बुरा कहने लगते है,इससे प्रमाणित होता है कि मोदी सही काम कर रहा है।उन्होने कहा कि कांग्रेस चाहे जितनी चाल चल ले,छत्तीसगढ़ को आगे ले जाने के संकल्प से मोदी पीछे नही हटेगा।

श्री मोदी ने कहा कि कांग्रेस की यूपीए सरकार से दोगुना ज्यादा पैसा उनकी सरकार ने सड़के और अद्योसंरचना के विकास के लिए छत्तीसगढ़ को दिए है।राष्ट्रीय राजमार्गों पर उनकी सरकार कई गुना ज्यादा खर्च कर रही है।इससे गरीबों का जीवन आसान हो रहा है।लोगो की मुश्किले कम करने के लिए भाजपा दिन रात मेहनत कर रही है।उन्होने कहा कि इससे नक्सली समस्या पऱ भी अंकुश लगा है।पहले देश में नक्सल प्रभावित जिलों की संख्या 126 के आसपास थी जोकि अब घटकर 70 रह गई है।

उन्होने आगामी विधानसभा चुनावों में कांग्रेस की तरह से दी जाने वाली संभावित गारन्टियों का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस कुशासन एवं भ्रष्टाचार के दाग को झूठी गारन्टियों से छुपाने की कोशिश करेगी,इससे सतर्क और सावधान रहने की जरूरत है।उन्होने कहा कि भाजपा जो वादा करती है,उसे वह पूरा कर दिखाती है।आयुष्मान योजना से छत्तीसगढ़ में 40 लाख लोगो का मुफ्त इलाज हुआ है,गरीबों को मुफ्त राशन दिया जा रहा है,यह गारन्टी मोदी की तरफ से है।

भाजपा को गरीबों की चिन्ता करने वाली पार्टी बताते हुए श्री मोदी ने कहा कि गरीबों की सबसे बड़ी दुश्मन कांग्रेस है।उन्होने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत छत्तीसगढ़ में 12 लाख आवास बनाने की तैयारी थी,राज्य में कांग्रेस की सरकार आते ही इसकी रफ्तार पर रोक लग गई।पहले दो लाख आवास प्रति वर्ष बन रहे थे,कांग्रेस सरकार आने पर एक लाख भी घर नही बन पाए।लाखों लोग प्रतीक्षा सूची में है कि जबकि भाजपा शासित पड़ोसी राज्यों मध्यप्रदेश एवं महाराष्ट्र में तेजी से काम चल रहा है।

धान की खरीद को लेकर कांग्रेस पर किसानों को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए श्री मोदी ने कहा कि राज्य में जो धान की खरीद होती है उसमें 80 प्रतिशत केन्द्र के हिस्से का है।इसके लिए उनकी सरकार ने एक लाख करोड़ रूपए राज्य को दिए है।इस साल भी 22 हजार करोड़ रूपए राज्य को दिए गए है।कांग्रेस किसानों के बीच झूठ बोल रही हैं।

श्री मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा आदिवासियों को वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया और उन्हे साधन एवं सुविधाओं से वंचित रखा।भाजपा ने उन्हे अधिकार दिलाया और उनके क्षेत्रों में सैकड़ों मार्डन स्कूल खोले।तमाम ऐसे जिले थे जहां पहुंचना मुश्किल था,कांग्रेस हाथ पर हाथ धरे बैठ जाती थी,लेकिन उऩ्होने उन्हे प्राथमिकता पर रखा और उन्हे आकांक्षी जिला घोषित किया।आज वह विकास की नई गाथा लिख रहे है इनमें छत्तीसगढ़ के बीजापुर,सुकमा और दंतेवाड़ा जिले शामिल है।

उन्होने हाल ही में शुरू किए गए सिकलसेल एनीमिया मिशन का जिक्र करते हुए कहा कि जनजातीय समाज की उनकी सरकार ने चिन्ता की और उन्हे इससे मुक्त करवाने का बीड़ा लिया है।उन्होने कांग्रेस पर आदिवासियों के सेनानियों के प्रति भी उपेक्षापूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाया और कहा कि उन्हेने सत्ता में आने पर बिरसा मुंडा को सम्मान दिया,रानी दुर्गावती की पांच सौंवी जयन्ती को पांच अक्टूबर से साल भर मनाने का निर्णय लिया है।आदिवासियों के सेनानियों के समारक बनाए जा रहे है।

श्री मोदी ने आदिवासियों,पिछड़ों एवं गरीबों की पहली पसन्द भाजपा को बताते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में भाजपा के पक्ष में माहौल बन गया है।चुनावों में कांग्रेस की भ्रष्ट सरकार को सत्ता से बाहर करने के लिए लोग तैयार बैठे है।जनसभा को पूर्व मुख्यमंत्री डा.रमन सिंह ने भी सम्बोधित किया,जबकि स्वागत सम्बोधन प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरूण साव ने किया।

इससे पूर्व श्री मोदी ने केन्द्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों की लगभग सात हजार करोड़ रूपए की परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करने के बाद आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि सरकार का पिछड़े क्षेत्रों मे अद्योसंरचना के विकास पर सबसे ज्यादा जोर हैं,और उस दिशा में पिछले नौ वर्षों में तेजी से काम हो रहा है।श्री मोदी ने आज यहां हमारा दशकों से यह अनुभव रहा है कि जिन क्षेत्रों में अद्योसंरचना कमजोर रही है वहां विकास देर से पहुंचा है।उन्होने कहा कि अद्योसंरचना के विकास से व्यापार एवं रोजगार के नए अवसरों का भी निर्माण होता है,और विकास की गति भी तेज होती है।

उन्होने कहा कि आधुनिक अद्योसंरचना का सम्बन्ध सामाजिक न्याय से भी है।सदियों से उपेक्षित लोगो की बस्तियों को सड़के,रेल लाईने जोड़ रही है,अस्पताल पहुंच रहे है,और उनके जीवन में बदलाव आ रहा है।इस शासकीय कार्यक्रम में अन्य लोगो के अलावा छत्तीसगढ़ के राज्यपाल विश्व भूष्ण हरिचंदन, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल,केन्द्रीय भूतल परिवहन मंत्री नितिन गडकरी एवं स्वास्थ्य मंत्री डा.मनसुख मांडविया भी मौजूद थे।

Related Articles

Back to top button