गुजरात

भारत जोड़ो यात्रा’ की समाप्ति के साथ भाजपा की ‘अंतिम यात्रा’ शुरू : पाटकर

पणजी, 09 अक्तूबर :गोवा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमित पाटकर ने रविवार को कहा कि कश्मीर में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ की समाप्ति के साथ ही भाजपा की ‘अंतिम यात्रा’ शुरू हो जाएगी।

श्री पाटकर ने यहां एक बयान में कहा कि राज्य के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने शाखाओं में नफरत सीखा है इसलिए उन्हें भारत की आजादी और गोवा की स्वतंत्रता में कांग्रेस के योगदान को समझने के लिए भारत का इतिहास पढ़ना चाहिए।

उन्होंने डॉ सावंत के कर्नाटक के उडुपी में दिये गये उस बयान के संदर्भ में यह टिप्पणी की जिसमें कहा गया

था कि कांग्रेस को 1947 में ही भारत जोड़ो यात्रा शुरू करनी चाहिए थी, जिससे गोवा को और जल्दी आजादी मिलती। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को इतिहास का अल्प ज्ञान है।

उन्होंने आरोप लगाया कि डॉ सावंत ‘आत्मनिर्भर भारत’ और ‘स्वयंपूर्ण गोवा’ के दीवाने हैं, जिसका आधार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जुमला राज के तहत ‘फेक इन इंडिया’ अभियान है तथा जिनका राजनीति विज्ञान में एमए करना भी एक रहस्य है।

उन्होंने मुख्यमंत्री को महात्मा गांधी की ‘माई एक्सपेरिमेंट्स विद द ट्रुथ’, पंडित नेहरू की ‘डिस्कवरी ऑफ इंडिया’ और इंडिपेंडेंस मूवमेंट एंड लिबरेशन ऑफ गोवा जैसी किताबें पढ़ने की सलाह दी।

श्री पाटकर ने कहा “ हमारे नेता राहुल गांधी ‘एकजुट भारत’ की दिशा में बढ़ रहे हैं और देश में सद्भाव, शांति और एकता का संदेश फैला रहे हैं। इस ऐतिहासिक मार्च के साथ प्रतिदिन लाखों लोग जुड़ रहे हैं। यह यात्रा भारतीय राजनीति में एक महत्वपूर्ण मोड़ साबित होने वाली है।”

Related Articles

Back to top button