अन्य राज्य

गीता जयंती महोत्सव में आने वालाें का लगेगा बसों में आधा किराया: शर्मा

चंडीगढ़ 18 नवम्बर: हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कुरुक्षेत्र में 19 नवम्बर से छह दिसम्बर तक प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव में जाने के लिए 10 जिलों के तीर्थ यात्रियों को राज्य परिवहन की बसों के किराए में 50 प्रतिशत छूट प्रदान करने की घोषणा की है।

परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा ने शुक्रवार को यहां यह जानकारी देते हुये बताया कि कुरुक्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर का गीता जयंती महोत्सव हर साल मनाया जाता है। इस महोत्सव में देश-विदेशों से लाखों की संख्या में श्रद्धालु भाग लेते हैं। महोत्सव की महत्ता को ध्यान में रखते हुए और ज्यादा से ज्यादा लोगों को परिवहन सेवाओं का लाभ प्रदान करने के लिए हरियाणा राज्य परिवहन की बसों के किराए में 50 प्रतिशत छूट दी जा रही है।

उन्होंने बताया कि कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड की अनुशंसा पर पहले केवल कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, जींद और कैथल जिलों के तीर्थ यात्रियों को किराए में छूट प्रदान की जाती थी। लेकिन तीर्थ यात्रियों को इस धार्मिक एवं पवित्र स्थल का भ्रमण कराने के उद्देश्य से पंचकूला, अम्बाला, यमुनानगर, सोनीपत और रोहतक जिलों को भी किराया छूट में शामिल किया गया है।

Related Articles

Back to top button