विश्व

नोबेल शांति पुरस्कार बेलारूस के वकील एलेस बियालियात्सकी, रूस, यूक्रेन के संगठनों को

स्टॉकहोम (स्वीडन) 07 अक्टूबर : नार्वे की नोबेल पुरस्कार समिति ने वर्ष 2022 का नोबेल शांति पुरस्कार बेलारूस में मानवाधिकारों की रक्षा के लिए सक्रिय अधिवक्ता एलेस बियालियात्सकी, रूस के मानवाधिकार संगठन ‘मेमोरियल’ और यूक्रेन के मानवाधिकार संगठन सेंटर फॉर सिविल लिबर्टीज को देने की शुक्रवार को घोषणा की।

नोबेल पुरस्कार के आधिकारिक ट्विटर पेज पर जारी बयान में कहा गया है कि शांति पुरस्कार विजेता अपने अपने देश के नागरिक समाज का प्रतिनिधत्व करते हैं और इन व्यक्ति और संगठनों ने वर्षों से मानवाधिकारों के संवर्धन के लिए काम किया है और वे सरकारों के आलोचना के जनता के अधिकार की रक्षा और उनके मूलभूत अधिकारों के संरक्षण के लिए सक्रिय हैं। इन व्यक्तियों और संगठनों ने युद्ध अपराध, मानवाधिकारों के उल्लंघन और सत्ता के दुरुपयोग के मामलों को संकलित करने के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान किया है।

बयान में कहा गया है, “कुल मिलाकर ये विजेता शांति और लोकतंत्र के लिए नागरिक संगठनों के महत्व को प्रदर्शित करते हैं।” एक अन्य बयान में कहा गया है कि इस पुरस्कार की औपचारिक घोषणा से पहले ओस्लो से नार्वे की नोबेल समिति के ओलव नॉलस्टाड ने यूक्रेन के सेंटर फॉर सिविल लिबर्टीज की एक महिला प्रतिनिधि को बताया कि उनके संगठन को भी इस बार शांति पुरस्कार पाने वालों की सूची में रखा गया है। उन्होंने उनसे इस समाचार को तब तक अपने पास ही सीमित रखने को कहा जब तक इसकी औपचारिक घोषणा नहीं की जाती।

Related Articles

Back to top button