मध्य प्रदेश

शिवराज झाबुआ के देवझीरी में मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान के कार्यक्रम में हुए शामिल

झाबुआ, 25 सितंबर : मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आज झाबुआ जिले के दौरे पर हैं, जिसके तहत वे सबसे पहले जिले के ग्राम देवझीरी में मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार श्री चौहान का ग्राम देवझीरी पहुंचने पर सांसद गुमान सिंह डामोर, पूर्व विधायक सुश्री निर्मला भूरिया, अजजा भाजपा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कल सिंह भाबर, पूर्व विधायक शांतिलाल बिलवाल एवं जिला अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह नायक ने स्वागत किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री को आदिवासी झुलड़ी पहनाकर तीर कमान भेंट किए गए।

मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्वलन एवं कन्या पूजन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि गरीबों की सेवा ही भगवान की सेवा के समान होती है। उन्होंने कहा कि आज पंडित दीनदयाल उपाध्याय का जन्मदिन है और वे उन्हें नमन करते हैं। पंडित दीनदयाल उपाध्याय कहते थे कि गरीबों की सेवा करना ही सबसे बड़ी सेवा होती है। इसके पश्चात मुख्यमंत्री ने वहां उपस्थित आदिवासी हितग्राहियों से सीधा संवाद किया और जानकारी प्राप्त की।

इस दौरान उन्होंने कहा कि कोई भी आदिवासी घबराए नहीं और बिन किसी हिचक के उनके सामने अपनी बात रखें। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले दिनों जब वे पेटलावद आए थे, तब यहां के कलेक्टर की शिकायत मिली थी तो उन्हें तत्काल हटा दिया, अब यहां पर नया कलेक्टर भेजा है, जो जनता की सेवा करेंगे।

मुख्यमंत्री ने हितग्राहियों से पेंशन योजना, आयुष्मान योजना, उज्वला योजना, राशन योजना, किसान सम्मान निधि आदि के बारे में जानकारी प्राप्त की। इस दौरान श्री चौहान ने अधिकारियों से भी सवाल जवाब किए। मुख्यमंत्री ने कई हितग्राहियों को मंच पर बुलाकर लाभांश वितरण भी किया। ग्राम देवझीरी पहुंचने पर निजी चिकित्सक संघ द्वारा मुख्यमंत्री का स्वागत किया गया।

Related Articles

Back to top button