उत्तर प्रदेश

बहराइच: तेंदुए के हमले में महिला गंभीर रूप से घायल

बहराइच, 28 अप्रैल : उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग में तेंदुए के हमले कम होने का नाम नहीं ले रहे हैं। आज कतर्नियाघाट रेंज अंतर्गत आने वाले चहलवा ग्राम पंचायत के कुरकुरी कुआं गांव निवासी पुष्पा देवी (31) पत्नी कन्हैयालाल तेंदुए के हमले में गंभीर रूप से घायल हो गयीं।

पुष्पा देवी गांव की कोटेदार भी है। शौच के लिए घर के पीछे बने शौचालय की तरफ जा रही थीं। तभी पास में ही मौजूद तेंदुए ने घात लगाकर उस पर हमला कर दिया तेंदुए के हमले में पुष्पादेवी गंभीर रूप से घायल हो गई। पुष्पा देवी की चिल्लाने की आवाज सुनकर पास में ही मौजूद उनकी चचेरी सास और बेटी ने तेंदुए से संघर्ष कर पुष्पा देवी की जान बचाई। पुष्पा को छोड़ तेंदुआ जंगल की तरफ भाग गया। वही मामले की सूचना तत्काल क्षेत्रीय वन क्षेत्राधिकारी रामकुमार को दी गई।

मौके पर वनरक्षक अब्दुल सलाम व वाचर मन्नीलाल और वाचर विनोद सिंह पहुंचे। महिला को एंबुलेंस के माध्यम से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सुजौली लाया गया, जहां पर प्राथमिक उपचार के पश्चात महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोतीपुर रेफर कर दिया गया है। महिला के परिजनों के मुताबिक महिला की कमर और हाथ पर पंजों की वजह से जख्म आए हैं।

प्रभागीय वनाधिकारी आकाशदीप बधावन ने बताया कि तेंदुए के हमले की सूचना मिली है। प्राथमिक उपचार के पश्चात एंबुलेंस में ही एक वाचर विनोद सिंह को घायल महिला के साथ भेजा गया है। वन क्षेत्राधिकारी रामकुमार ने बताया कि तेंदुए के हमलों को देखते हुए वनकर्मी गश्त कर रहे हैं और तेंदुए से बचाव हेतु ग्रामीणों को जागरूक किया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button