खेल

झांसी की शैली सिंह ने राष्ट्रीय ओपन एथलेटिक्स चैंपियनशिप में जीता स्वर्ण पदक

झांसी 20 अक्टूबर : उत्तर प्रदेश की वीरांगना नगरी झांसी की बेटी और जानी मानी एथलीट एवं अंतरराष्ट्रीय रिकॉर्ड होल्डर शैली सिंह ने बेंगलुरु में राष्ट्रीय ओपन एथलेटिक्स चैंपियनशिप में लंबी कूद में एक बार फिर शानदार हुनर का प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया है।

शैली ‘यूनीवार्ता’ को फोन पर गुरुवार को बताया कि चोट के बावजूद मिली इस सफलता से वह काफी उत्साहित हैं। अभ्यास के दौरान लगी चोट ने उन्हें आगामी प्रतियोगिताओं के लिए काफी चिंतित कर दिया था लेकिन इस कामयाबी ने साफ कर दिया है कि शारीरिक स्तर पर परेशानियां कम हो रहीं हैं। इस सफलता के बाद अगली प्रतियोगिताओं को लेकर उनके उत्साह में काफी इजाफा हुआ है।

शैली की इस सफलता से उनके गृहनगर झांसी में खुशी का माहौल है। यहां खेल समुदाय से जुड़े लोगों ने शैली को इस सफलता के लिए बधाई दी है। झांसी के मऊरानीपुर निवासी शैली के घर बधाई देने वालों का तांता लगा है और उनकी मां विनीता ने भी शैली की इस सफलता पर खुशी का इज़हार किया है। उन्होंने बताया कि चोट को लेकर शैली काफी चिंतित थी और उसे लगता था कि इसके कारण उसके प्रदर्शन पर प्रभाव पड़ सकता है लेकिन उसने चोट के बावजूद स्वर्ण पदक हासिल किया है। यह सफलता उसके लिए बेहद महत्वपूर्ण है।

गौरतलब है कि शैली एक साधारण परिवार से आने वाली एक असाधारण प्रतिभा की धनी खिलाड़ी हैं। लखनऊ में आयेाजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के दौरान देश की जानी मानी एथलीट और कई अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारतीय परचम लहराने वाली लंबी कूद एथलीट अंजू बॉबी जॉर्ज की नजर शैली पर पड़ी थी। इस प्रतियोगिता के बाद वह शैली को अपने साथ बेंगलुरु ले गयीं थीं और उन्हीं की एकेडमी में शैली ने अपने खेल से जुड़े गुर सीखे।

इससे पहले नैरोबी में 2021 में वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में रजत पदक हासिल किया था। शैली ने प्रतियोगिता में पदक हासिल करके अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक हासिल करने को लेकर लंबे समय से चल रहे पदकों के सूखे को समाप्त किया थाा।

Related Articles

Back to top button