राज्य

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा नागालैंड में

कोहिमा, 16 सितंबर : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार पूर्वोत्तर क्षेत्र के सभी विवादों का समाधान करने के लिए प्रतिबद्ध है।

नागालैंड के वोखा जिले के रिफिम गांव में गुरुवार को एक जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबधन (राजग) सरकार ने इस क्षेत्र में बुनियादी संरचना के विकास के लिए हजारों करोड़ रूपये निवेश किए हैं, जबकि पूर्वोत्तर राज्यों की राजधानियों को रेल नेटवर्क से जोड़ने का काम चल रहा है।

उन्होंने कहा कि पूर्वोत्तर राज्यों की राजधानियों को चार-लेन सड़क से जोड़ने का काम और सभी जिला मुख्यालयों को दो-लेन सड़कों और गावों को सभी मौसम के लिए अनुकूल सड़कों से जोड़ने का काम भी तेजी से हो रहा है।

श्री नड्डा ने कहा कि असम में कई शांति समझौते हुए हैं जिससे पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास के हब में परिवर्तित हो गया है और यह उग्रवाद, घुसपैठ, नाकेबंदी, मादक पदार्थों की तस्करी और भ्रष्टाचार में लगाम लगी है।

भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने नागालैंड के स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की, जिन्होंने ग्रामीणों की सहायता से अंग्रेजों के खिलाफ बहादुरी से लड़ाई लड़ी और अपनी संस्कृति और परंपराओं की रक्षा की।

उन्होंने वीर स्वतंत्रता सेनानियों को याद किया कि किस प्रकार से नेताजी सुभाष चंद्र बोस ने नागा हिल्स के रुजाझो में पहले आजाद हिंद द्वारा संचालित गांव की स्थापना की थी साथ ही उन्होंने नागालैंड की जनजातीय संस्कृति की रक्षा करने के लिए वहां के वर्तमान आदिवासी नेताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

श्री नड्डा ने कहा कि 17 सितंबर से भाजपा के करोड़ो कार्यकर्ता ‘सेवा पखवाड़ा’ में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि ‘सेवा पखवाड़ा’ में स्वास्थ्य, शिक्षा और पर्यावरण से संबंधित कई सेवा कार्यक्रम चलाए जाएंगे।

Related Articles

Back to top button