अन्य राज्य

गुजरात मॉडल हिमाचल प्रदेश में नहीं चलने वाला: सुक्खू

शिमला, 02 नवम्बर : हिमाचल कांग्रेस प्रचार समिति के अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के गृह राज्य गुजरात का मॉडल हिमाचल में चलने वाला नहीं है।

उन्होंने केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा कांग्रेस को मां-पुत्र की पार्टी कहने पर कड़ा ऐतराज जताते हुये बुधवार को यहां कहा कि कांग्रेस में लोकतंत्र है और यहां पर अध्यक्ष का भी चुनाव होता और इसी का नतीजा है कि आज मल्लिकार्जुन खड़गे पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने गए हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में कब कौन अध्यक्ष बनता है, इसका फैसला पार्टी नेता नहीं बल्कि नागपुर से होता है। ऐसे में श्री शाह को कांग्रेस के बारे में बोलने से पहले सोचना चाहिए।

श्री सुक्खू ने कहा कि इन दिनों श्री शाह हिमाचल के दौरे पर हैं। उन्हें गुजरात की नहीं हिमाचल प्रदेश की चिंता है। यह चिंता यहां से हो रही भाजपा की विदाई है। श्री शाह भांप चुके हैं कि हिमाचल से भाजपा की विदाई तय है और यहां पर कांग्रेस सत्ता में आ रही है। इस कारण अब अमित शाह यहां की जनता को भ्रमित न करने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन हिमाचल की जनता अमित शाह और भाजपा के अन्य नेताओं के झांसे में आने वाली नहीं है।

उन्होंने कहा कि हिमाचल की जनता ने मन बना लिया है और अब भाजपा की कोई ताकत हिमाचल में कांग्रेस को सत्ता में आने से नहीं रोक सकती। जनता ने मन बना लिया है कि अब भाजपा को सत्ता से बाहर करना है और उसके लिए जनता ने कमर कस ली है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हिमाचल की जनता को 10 गारंटियां दी हैं और सरकार बनते ही उन पर अमल शुरू हो जाएगा। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने मंडी में साफ कहा है कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनते ही पहले कैबिनेट बैठक में हिमाचल के युवाओं के लिए एक लाख नौकरियां देने का फैसला लिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि ओपीएस को लेकर भी ऐसी ही बात कही है और अब कर्मचारियों को अपने भविष्य के लिए चिंतित होने की जरूरत नहीं है।

Related Articles

Back to top button