बिजनेस

शेमा ईलेक्ट्रिक ने प्रदर्शित किये तीन नये ई दोपहिया वाहन

ग्रेटर नोएडा 07 सितंबर : मेक इन इंडिया ईवी निर्माता शेमा ईलेक्ट्रिक ने ईवी इंडिया एक्सपो में आज तीन नए हाई स्पीड इलेक्ट्रिक स्कूटरों की रेंज प्रदर्शित की।

शेमा इलेक्ट्रिक के संस्थापक और सीओओ योगेश कुमार लाठ ने कहा कि इस तीन दिवसीय ईवी एक्सपो में ब्रांड की नई पेशकशों में ईगल प्लस, ग्रिफॉन और टफ प्लस शामिल हैं। उन्होंने कहा “ जब पूरा ऑटोमोबाइल उद्योग चल रहे ई- मोबिलिटी मिशन में योगदान देने के लिए अथक प्रयास कर रहा है, तो इस क्रांति ने भारतीय कंपनियों को नवाचार के अपने कार्य को आगे बढ़ाने के लिए अवसर भी प्रदान किया है। शेमा ऐसे उत्पाद प्रदान करने की कोशिश कर रहे हैं जो गुणवत्ता और प्रदर्शन के मामले में किसी तरह का समझौता नहीं करते हैं। हम समझते हैं कि ग्राहक अनुभव न केवल हमारे लिए बल्कि देश के लिए भी सबसे महत्वपूर्ण चीज है इसलिए हम सभी साथ मिलकर आईसीई से ईवी में प्रवेश को पूरी जिम्मेदारी के साथ कर रहे हैं। यहां ईवी एक्सपो इंडिया में, हमें मांग को समझने और अपने प्रयासों को प्रदर्शित करने के लिए बिल्कुल सही मंच मिला है। हमें अपनी उत्पाद श्रृंखला के लिए जबरदस्त प्रतिक्रिया मिल रही है, और हमें यकीन है कि नए उत्पादों को लॉन्च करने के बाद इस शानदार प्रतिसाद का लाभ उठा सकेंगे।”

उन्होंने कहा कि वर्तमान में ब्रांड के कम रफ्तार वाले 5 उत्पाद पहले से ही सड़क पर उतर चुके हैं। प्रदर्शित नए ई-स्कूटरों को अक्टूबर के मध्य तक आधिकारिक तौर पर लॉन्च होने की उम्मीद है। शेमा पहले से ही पूरे भारत में 40 डीलरों का मजबूत नेटवर्क बना चुका है। कंपनी अभी 4 राज्यों में उपस्थित है। इसका उद्देश्य चालू वित्त वर्ष के अंत तक 3 उत्पादों को लॉन्च करना और कम से कम 10000 ग्राहकों तक पहुंचना है।

उन्होंने कहा कि ईगल प्लस ई-स्कूटर आसानी से 50 किमी प्रति घंटे की टॉप स्पीड पकड़ सकता है। इस प्रकार, यह स्थानीय आवागमन के लिए सुविधाजनक है। यह एक बार फुल चार्ज होने पर 120 किलोमीटर तक की दूरी तय कर सकता है। इस ई-स्कूटर में 1200 वॉट का बीएलडीसी मोटर और 3.2 किलोवॉट की लिथियम-आयन बैटरी लगी है, जिसे 3.5 से 4 घंटे में फुल चार्ज किया जा सकता है। ग्रिफॉन एक अन्य स्कूटर है। इसकी अधिकतम रफ्तार 60 किमी प्रति घंटा है। यह एक बार के फुल चार्ज में 130 किमी की दूरी तय कर सकता है। इसमें 1500 वाट का बीएलडीसी मोटर लगा है और इसकी 4.1 किलोवाट लिथियम-आयन बैटरी को 3.5 से 4 घंटे में फुल चार्ज किया जा सकता है।

टफ प्लस एक्सपो में प्रदर्शित तीसरा ई-स्कूटर है। यह खास तौर पर लास्ट माइल डिलिवरी के लिए है। इस ई-स्कूटर की अधिकतम रफ्तार 60 किमी प्रति घंटा है। यह एक बार फुल चार्ज हो जाने पर 130 किमी की दूरी तय कर सकता है। इसमें 1500 वाट का बीएलडीसी मोटर लगा है। इसकी 4 किलोवाट एलएफपी बैटरी को 3.5 से 4 घंटे में फुल चार्ज किया जा सकता है।

Related Articles

Back to top button