मध्य प्रदेश

उज्जैन में 29 को राहुल गांधी की रैली, 26 को जाएंगे अंबेडकर की नगरी महू

बुरहानपुर, 23 नवंबर : कांग्रेस नेता राहुल गांधी संविधान दिवस पर 26 नवंबर को डॉ भीमराव अंबेडकर की जन्मस्थली मध्यप्रदेश के इंदौर के महू में रहेंगे और 29 को वे श्री महाकालेश्वर की नगरी उज्जैन में रैली करेंगे।

श्री गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के आज मध्यप्रदेश में प्रवेश के बाद कांग्रेस मीडिया प्रमुख जयराम रमेश ने बुरहानपुर जिले के जैनाबाद में संवाददाताओं से चर्चा के दौरान ये जानकारी दी। उन्होंने बताया कि श्री गांधी 29 तारीख को उज्जैन में रैली करेंगे। वे 26 तारीख को महू जाएंगे।

उन्होंने बताया कि श्री गांधी के साथ 120 और यात्री पूरी यात्रा में उनके साथ चल रहे हैं। इनमें से 11 मध्यप्रदेश के हैं। इन 11 यात्रियों ने बुरहानपुर पहुंचने के बाद अपना-अपना परिचय भी दिया।

इस दौरान विनायक दामोदर सावरकर पर दिए श्री गांधी के बयान से जुड़े सवाल पर श्री रमेश ने कहा कि वो मुद्दा अब समाप्त हो चुका है। उन्होंने आराेप लगाते हुए कहा कि जिस दिन भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ कांग्रेस नेताओं के बारे में झूठ बोलना बंद करेंगे, उस दिन हम उनके नेताओं के बारे में सच बोलना बंद करेंगे।

यात्रा के संदर्भ में श्री रमेश ने कहा कि श्री गांधी रोज 21 किलोमीटर पैदल चलते हैं। जंगल क्षेत्र में यात्रा अगर बस से होती है तो उसे पदयात्रा में नहीं जोड़ते। इसी क्रम में उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में पहले दिन यात्रा 22 किलोमीटर चलेगी।

यात्रा में उपस्थित पार्टी के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने कहा कि यात्रा में वे और श्री रमेश एक दूसरे के पूरक का काम कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि कुछ चीजों को चुनाव से नहीं जोड़ा जा सकता। भारत में अमीर और गरीब के बीच दूरी बहुत बढ़ गई है, श्री गांधी उस खाई को पाटने निकले हैं।

श्री सिंह ने कहा कि सुबह छह बजे से यात्रा शुरु होती है। दोपहर में अनेक वर्गों से चर्चा होती है। अब तक किसान, दलित, अल्पसंख्यक और आदिवासियों समेत कई वर्गों से चर्चा हो चुकी है।

श्री सिंह ने दावा किया कि राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ और लोकतांत्रिक व्यवस्था का विरोध करने वाले दूसरे दलों से कांग्रेस का विरोध है।

गुजरात चुनाव के संदर्भ में उन्होंने कहा कि वहां कांग्रेस की पूरी इकाई प्रचार कर रही है। चुनाव की रणनीति अलग हेाती है और ये भारत जोड़ो यात्रा एक पृथक कार्यक्रम है जो श्री गांधी देशहित में चला रहे हैं।

Related Articles

Back to top button