राजस्थान

चार साल होने को है, जनता के साथ हुआ विश्वासघात : राजे

बीकानेर, 09 अक्टूबर : राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने कहा कि प्रदेश में लगभग चार वर्ष पहले जनता ने कांग्रेस को चुना था लेकिन इन बीते सालों में राज्य की जनता के साथ विश्वासघात हुआ है।

बीकानेर जिले की देवदर्शन यात्रा पर निकलीं श्रीमती राजे ने आज यह बात 32 किलोमीटर दूर विश्वविख्यात देशनोक स्थित मां करणी के दरबार में दर्शन करने के बाद कार्यकर्ताओं के साथ जनसंवाद में कही।

उन्होंने कहा कि जनता ने काम करने के लिए इन्हें (कांग्रेस) को चुना था लेकिन सरकार को बचाने के लिए या कुर्सी बचाने के लिए ये समय निकाल दिया गया।

श्रीमती राजे ने कहा कि उन्हें हमेशा संघर्ष करने के बाद ही कुछ न कुछ मिलता है। कुछ भी सीधा नहीं होता। कहते हैं मां करणी का आशीर्वाद लेने आएं और सफेद काबा (चूहा) दिख जाए तो काम सफल होता है तो आज मां ने भी आशीर्वाद दे दिया है।

जनसंवाद कार्यक्रम में मंच पर सिर्फ श्रीमती राजे के लिए ही कुर्सी लगायी गयी थी और कार्यक्रम आयोजक पूर्व मंत्री देवीसिंह भाटी स्वयं मंच पर नहीं होकर एक माइक अपने हाथ में रखकर सभा का संचालन करते दिखे।

श्रीमती राजे के कार्यक्रम से शहर एवं देहात भाजपा नेताओं ने दूरी बना रखी थी सिर्फ बीकानेर शहर भाजपा अध्यक्ष अखिलेश प्रताप सिंह स्वागत करने जरुर देशनोक पहुंचे लेकिन उनकी कार्यकारिणी के सदस्य नहीं दिखे। हेलीपेड पर गुलदस्ता वेलकम करने के बाद वे वहां से निकल गए।

Related Articles

Back to top button