भारत

सोनिया, मनमोहन ने मुलायम सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया।

नयी दिल्ली 10 अक्टूबर : कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, राहुल गांधी और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने समाजवादी पार्टी के नेता मुलायम सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया है।

श्रीमती सोनिया गांधी ने अपने शोक संदेश में कहा कि श्री मुलायम सिंह यादव जी के निधन की खबर सुनकर दुखी हूं। समाजवादी विचारों की एक मुखर आवाज़ आज मौन हो गई।

देश के रक्षा मंत्री और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में मुलायम सिंह जी का योगदान सदा अविस्मरणीय रहेगा। उससे कहीं ज़्यादा, शोषितों और वंचितों के लिए उनका संघर्ष सदैव याद किया जाएगा।

देश के संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए जब भी जरूरत पड़ी, उनका साथ हमेशा कांग्रेस को मिला है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें। उनके परिवार और समर्थकों के लिए यह अत्यंत दुःख की घड़ी है। मेरी संवेदनाएं श्री अखिलेश यादव और उनके परिजनों के साथ है। दिवंगत आत्मा को नमन और भावभीनी श्रद्धांजलि।

पूर्व प्रधानमंत्री ने श्री मुलायम सिंह यादव के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव को लिखा, “वह उच्च सम्मान के नेता थे, जिनका हर कोई सम्मान करता था। भगवान आपको इस दुख को सहन करने की शक्ति दे।”

श्री राहुल गांधी ने ट्वीट किया, “श्री मुलायम सिंह यादव जी का निधन एक बेहद दुःखद समाचार है। वो ज़मीनी राजनीति से जुड़े एक सच्चे योद्धा थे। मैं श्री अखिलेश यादव समेत सभी शोकाकुल परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं।”

श्रीमती वाड्रा ने ट्वीट किया, “श्री मुलायम सिंह यादव जी के निधन का दुखद समाचार मिला। भारतीय राजनीति में उप्र के पूर्व मुख्यमंत्री, भारत सरकार के रक्षामंत्री व सामाजिक न्याय के सशक्त पैरोकार के रूप में उनका अतुलनीय योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। अखिलेश यादव और अन्य सभी प्रियजनों के प्रति मेरी गहरी शोक संवेदनाएं
ईश्वर श्री मुलायम सिंह यादव जी को श्रीचरणों में स्थान दें।”

Related Articles

Back to top button