जम्मू-कश्मीर

बांदीपोरा के गांव में हुआ हिमस्खलन, कोई जनहानि नहीं

श्रीनगर, 22 जनवरी : जम्मू-कश्मीर में बांदीपोरा जिले के तुलैल गांव में रविवार को हिमस्खलन हुआ, लेकिन गनीमत रही कि इससे कोई जान-माल का नुकसान नहीं हुआ।

पुलिस ने जिले के हुसंगम गांव में आज दोपहर हिमस्खलन होने की पुष्टि की है। हिमस्खलन से हालांकि किसी तरह के जान-माल के नुकसान की कोई खबर नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रशासन की टीमें स्थिति का आकलन करने के लिए मौके पर पहुंच गयी हैं, जिन्होंने यह पुष्टि की है कि हिमस्खलन के कारण कोई जनहानि नहीं हुई है।

इस बीच ऊंचाई वाले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सलाह दी गई है कि वे सभी एहतियात बरतें और हिमस्खलन की आशंका वाले इलाकों में जाने से बचें। कश्मीर घाटी में पिछले कुछ दिनों से ऊंची चोटियों में मध्यम हिमपात होने के साथ खराब मौसम का सामना करना पड़ रहा है।

गौरतलब है कि 12 जनवरी को मध्य कश्मीर के गांदरबल जिले के सोनमर्ग के सरबल इलाके में हिमस्खलन की चपेट में आने से हैदराबाद स्थित मेघा इंजीनियरिंग एंड इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड के साथ काम करने वाले दो मजदूरों की मौत हो गई थी, जो ज़ोजिला सुरंग पर काम कर रहे थे।
इस बीच, एसडीएमए ने आज जम्मू-कश्मीर के सात जिलों में हिमस्खलन की ताजा चेतावनी जारी की है।
एक बयान में कहा गया है कि अगले 24 घंटों में जम्मू के डोडा, किश्तवाड़, पुंछ, रामबन और उत्तर कश्मीर के बांदीपोरा और कुपवाड़ा जिलों में 2500 से 2600 मीटर ऊंची चोटियों पर मध्यम स्तर का हिमस्खलन कोने की आशंका जतायी गयी है।
इसके अलावा अगले 24 घंटों में उत्तरी कश्मीर के बारामूला और मध्य कश्मीर जिले के गांदरबल में 2600 मीटर से ऊपर ‘कम खतरे’ के स्तर का हिमस्खलन होने का अनुमान है। इन स्थानों में रहने वाले लोगों को सावधानी बरतने और हिमस्खलन संभावित क्षेत्रों में जाने से बचने की भी सलाह दी है।

Related Articles

Back to top button