उत्तर प्रदेश

अखिलेश ने लगायी विश्वनाथ धाम में हाजिरी

वाराणसी 10 फरवरी : पूर्वी उत्तर प्रदेश के दौरे पर निकले समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शुक्रवार को यहां काशी विश्वनाथ मंदिर में जलाभिषेक कर पूजन अर्चन किया।

बलिया और गाजीपुर में विभिन्न कार्यक्रमों में शिरकत करने के बाद श्री यादव ने अपने पूर्वांचल दौरे के दूसरे दिन यहां बाबा विश्वनाथ के दरबार में हाजिरी लगायी। बाद में श्री यादव ने बनारस की मशहूर पप्पू की कुल्हड़ चाय का स्वाद लिया और एक मिष्ठान भंडार में भी गये।

काशी विश्वनाथ धाम में दर्शन के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होने कहा “ मैंने प्रार्थना की है कि आम लोगों का जीवन बेहतर हो। चाहता हॅू कि धार्मिक स्थल का मूल स्वरूप बना रहे। इन्फ्रास्ट्रक्चर के अच्छे काम होते रहने चाहिए। यहां जिस कॉरिडोर बनने की चर्चा है उसका प्रस्ताव समाजवादी सरकार की कैबिनेट मीटिंग में आया था। इसके लिए मकान अधिग्रहण का काम भी शुरू हुआ था। भाजपा ने स्थल की सुंदरता, हेरिटेज और इतिहास सबको बर्बाद कर दिया। विश्वनाथ धाम परिसर में एक बड़ा पुराना वृक्ष था, उसे क्यों गिरा दिया।”

उन्होने कहा कि देश के सामने मंहगाई और बेरोजगारी की बड़ी चुनौती है। न्याय मिलने की उम्मीद नहीं है। किसानों की आय दोगुनी नहीं हुई, बिजली महंगी हो गई है। उन्होंने कहा कि मां गंगा की सफाई कहां हुई। बिना गोमती, वरुणा, यमुना की सफाई के मां गंगा की सफाई नहीं हो सकती है। वरुणा नदी और गोमती नदी की सफाई का कार्य समाजवादी सरकार में शुरू हुआ था। उसे भाजपा ने बर्बाद कर दिया है।

Related Articles

Back to top button