भारत

कर्नाटक को विकास की मिसाल बनाने में विफल रहने की वजह बताएं मोदी : कांग्रेस

नयी दिल्ली, 03 मई : कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा है कि वह देश में कर्नाटक को विकास की मिसाल बनाने की बात करते थे, लेकिन इस सपने को पूरा करने में वह क्यों विफल रहे, यह उन्हें देश को बताना चाहिए।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत तथा पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने बुधवार को ट्वीट कर कहा कि श्री मोदी जो बोलते हैं वह करते नहीं है। जिस राज्य में चुनाव होते हैं वहां लोगों को वोट के लिए गुमराह करते हैं। उनका कहना था कि कर्नाटक में भाजपा सरकार ने भ्रष्टाचार का शासन फैलाया है और आम लोगों का जीना मुश्किल हुआ है और लोग परेशान हैं इसलिए वहां कांग्रेस की सरकार बन रही है।

श्री खड़गे ने श्री मोदी पर हमला करते हुए कहा “वह कहते हैं मैं गरीब का बेटा हूं तो क्या हम अमीर के बेटे हैं। मैं तो उनसे भी गरीब हूं। आपकी 56 इंच की छाती और एक आदमी को हराने के लिए तीन-तीन, चार-चार बार आ रहे हैं। इससे जाहिर होता है कि कर्नाटक में कांग्रेस की हुकूमत आने वाली है।”
श्री गहलोत ने कांग्रेस की सरकारों को बेहतर बताते हुए भाजपा सरकार की आलोचना की और कहा “मोदी जी और अमित शाह को चुनौती देता हूं कि भाजपा और कांग्रेस शासित राज्यों की तुलना कर देख लीजिए, गवर्नेंस (सुशासन) कहां की अच्छा है। आप कर्नाटक का ही उदाहरण लीजिए। यहां भ्रष्टाचार इतना बढ़ चुका है कि भाजपा का ‘चाल, चरित्र और चेहरा’ सब बदल गया है।”

उन्होंने कहा शासन के नाम पर कांगेस का कोई मुकाबला नहीं है भले ही धर्म के नाम पर कुछ भी कर दीजिए, लेकिन यह गांधी का देश है और यहां का पूरी दुनिया लोहा मानती है। हमें गर्व होना चाहिए कि हम दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र हैं।
श्रीमती वाड्रा ने कहा “मोदी जी को उनके लोग सर्वशक्‍त‍िमान, सर्वोपरि, सर्वश्रेष्‍ठ, व‍िकास पुरुष बताते हैं। मोदी जी कर्नाटक में आकर कहते हैं- मेरा सपना था, कर्नाटक को देश में विकास की मिसाल बनाऊं। ताज्जुब की बात है- कर्नाटक में भाजपा की सरकार थी तो मोदी जी ने यह सपना पूरा क्‍यों नहीं क‍िया? आप तो सर्वोपरि हैं, सर्वश्रेष्‍ठ हैं।”

Related Articles

Back to top button